अंग्रेजी माध्यम को हिंदी माध्यम करने की मांग को लेकर छात्रों और ग्रामीणों ने स्कूल में लगाया ताला, सासंद रोत के घर के बाहर दिया धरना
डूंगरपुर के महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूल बडगा पर शुक्रवार को स्टूडेंट्स और अभिभावकों ने तालेबंदी कर दी। लोगों ने अंग्रेजी माध्यम स्कूल को हिंदी माध्यम करने की मांग सहित अन्य समस्याओं को लेकर विरोध जताते हुए जमकर नारेबाजी की। लोगों ने मौके पर पहुंचे सांसद को अपनी समस्या बताई और स्कूल को हिंदी माध्यम करवाने की गुहार लगाई।
बडगा महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूल के छात्र और अभिभावक शुक्रवार को स्कूल में एकत्रित हुए। वहीं स्कूल को हिंदी माध्यम करने और अन्य समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर स्कूल के गेट पर ताला जड़ दिया। वहीं इसके बाद सभी छात्र और अभिभावक स्कूल से 10 किमी दूर सांसद राजकुमार रोत के निवास खरवरखुनिया पहुंचे और धरना दिया। अभिभावक छगनलाल ने बताया कि वे लम्बे समय से अंग्रेजी माध्यम स्कूल बडगा को हिंदी माध्यम में परिवर्तन करने की मांग करते आ रहे हैं। इस बारे में कई बार अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपा, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। इसके अलावा स्कूल में केवल दो ही कक्षा कक्ष हैं। वहीं खेल मैदान भी नहीं है। छात्रों और अभिभावकों ने सांसद राजकुमार रोत को ज्ञापन सौंपते हुए अंग्रेजी माध्यम को हिंदी माध्यम करवाने सहित अन्य समस्याओं के समाधान की मांग की है। सांसद ने इन समस्याओं के जल्द समाधान का आश्वासन अभिभावकों को दिया।
