विवेकानंद केंद्र विद्यालय ऋषभदेव में 78वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लासपूर्वक संपन्न
ऋषभदेव,डीपी न्यूज नेटवर्क । विवेकानंद केंद्र विद्यालय, ऋषभदेव में 78वां स्वतंत्रता दिवस समारोह अत्यंत उत्साह और गर्व के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के. बी. खटोड़, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, आरएसडब्ल्यूएम ऋषभदेव, विशिष्ट अतिथि एम.एस मणिलाल,गौरव माहेश्वरी समेत मिल के उच्च अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती विजय श्री यादव ने की।

समारोह का आरंभ झंडारोहण से हुआ, जिसे मुख्य अतिथि के. बी. खटोड़ ने संपन्न किया। इसके बाद, प्रधानाचार्य श्रीमती विजय श्री यादव ने अतिथियों का स्वागत किया, परिचय कराया, और विद्यालय के वार्षिक प्रतिवेदन को प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर विद्यालय के नन्हे-मुन्ने छात्र-छात्राओं ने शारीरिक व्यायाम, सामूहिक नृत्य, और सामूहिक गीतों की शानदार प्रस्तुतियाँ दीं, जिससे पूरे वातावरण में देशभक्ति की भावना जाग उठी। विद्यालय के विवेकानंद सभागार में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे कार्यक्रम में चार चांद लग गए।

इस समारोह के दौरान, विद्यालय के छात्र संघ चुनाव में चुने गए हेड बॉय, हेड गर्ल और संपूर्ण कार्यकारिणी को प्रधानाचार्या श्रीमती विजय श्री यादव ने शपथ ग्रहण करवाई। इसके अतिरिक्त, कक्षा दसवीं और नवीं की छात्राओं ने मार्शल आर्ट के अंतर्गत आत्मरक्षा के विभिन्न कौशलों का प्रदर्शन किया, जिसमें शारीरिक और मानसिक कौशल का उपयोग करके आत्मरक्षा और अनुशासन की कला को सिखाया गया। मुख्य अतिथि उद्बोधन में सर्वप्रथम सभी छात्रों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को 78वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं एवं बधाई दी। उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता हमें यूँ ही नहीं मिली। इसके पीछे अनेक स्वतंत्रता सेनानियों का बलिदान और संघर्ष छिपा हुआ है। महात्मा गांधी, भगत सिंह, सुभाष चंद्र बोस, और कई अन्य वीरों ने हमें एक स्वतंत्र और समृद्ध राष्ट्र का सपना दिया, जिसे आज हम जी रहे हैं।आज हमें यह संकल्प लेना चाहिए कि हम उनके सपनों को पूरा करने के लिए ईमानदारी, कड़ी मेहनत और समर्पण के साथ काम करेंगे। हमें अपने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास करना चाहिए।

कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों ने विद्यालय के विद्यार्थियों की प्रतिभा और अनुशासन की सराहना की। समारोह का समापन राष्ट्रगीत वन्देमातरम् और मिठाई वितरण के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन प्रांजल मेघवाल एवं तिथि जैन ने किया।
