उदयपुर में एक युवती एवं उसके 2 साथियों ने एटीएस अफसर बन 5 को पीटा , आरोपियों में एक के पुलिसकर्मी होने का आरोप

हिरणमगरी इलाके में एक युवती और उसके दो साथियों ने एंटी टेररिस्ट स्क्वायड (एटीएस) का अधिकारी बनकर 5 युवकों से मारपीट की। वारदात के समय तीनों नशे में थे। आरोपियों में शामिल एक युवक राजेंद्र सिंह के पुलिसकर्मी होने की जानकारी सामने आ रही है। हालांकि, पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।

पुलिस का कहना है कि जांच जारी है। मामले को लेकर मेनारिया गेस्ट हाउस के पास फ्लैट में किराये से रहने वाले असद मिर्जा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें कहा कि उसके साथ इरफान व एहतेशाम भी साथ रहते हैं। उनके जन्मदिन पर 9 अगस्त को दोस्त अभिषेक और साजिद भी आए थे। इसी बीच, रात 10:30 बजे नशे में धुत एक युवती व दो युवक आए और खुद को एटीएस का अफसर बताते हुए पांचों से पूछताछ शुरू कर दी।

उन पर बम बनाने, नशे का धंधा करने और बांग्लादेश से संपर्क होने के आरोप लगाए। जब पांचों युवकों ने इससे इनकार करते हुए आईडी दिखाने को कहा तो तीनों ने मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने फ्लैट की तलाशी भी ली। इस बीच, दोस्त अमन केक लेकर पहुंचा तो उसे भी धमकाकर गवाही देने के लिए कहा और छोड़ दिया। आरोपियों ने कहा कि वह ऊपर वाले फ्लैट में हैं और उन पर नजर रखेंगे।

इसके बाद तीनों उन्हें कमरे में बंद कर फरार हो गए। सुबह मकान मालिक के साथ कमरों की जांच की गई तो 8 नंबर फ्लैट में तीनों सोए हुए मिले। पास में शराब की बोतलें थीं। तीनों के बारे में जानकारी निकाली तो इनकी पहचान राजेंद्र सिंह, नरेंद्र सिंह और अनीता टांक के रूप में हुई। असद ने आरोप लगाया कि राजेंद्र पुलिस लाइन में कार्यरत है।

0
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!