आदेशों के गफलत में बांसवाड़ा – सलूंबर रोड पर टोल वसूली जारी, 13 को वाणिज्य कोर्ट देगा फैसला-टोल वसूलेंगे या नहीं

बांसवाड़ा से सलूंबर तक टोल वसूली आदेशों के गफलत में शुक्रवार को भी जारी रही। जबकि गुरुवार को संभागीय आयुक्त नीरज के पवन से इसे बंद करने के निर्देश दिए थे। उनके निर्देश के बाद पीडब्ल्यूडी के एसई को लिखित में टोल बंद करने का आदेश जारी करना था लेकिन उनके अवकाश पर होने के कारण आदेश जारी नहीं हुआ। इधर, लिखित में आदेश जारी नहीं होने के कारण शुक्रवार को टोल वसूली जारी रही। हालांकि शहर से 12 किलोमीटर दूर वाला बड़लिया टोल बंद रहा। इसके आगे वमासा मोड़ और खोलड़ी का टोल शुरू था। टोल वसूली जारी रखने पर बांसवाड़ा जिला ट्रक ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने विरोध किया।

एसोसिएशन के अध्यक्ष राजपाल सिंह सिसोदिया का कहना है कि टोल बंद करने के लिए पहले ही हाईकोर्ट ने आदेश जारी किए थे, इसके बावजूद वसूली जारी है। मामला वाणिज्य कोर्ट में विचाराधीन बताया जा रहा है, उन्होंने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि एक अधिकारी के अवकाश पर जाने से आदेश जारी नहीं करने का बहाना किया जा रहा है, जबकि उनका चार्ज किसी अन्य अधिकारी को दिया गया होगा। सिसोदिया ने कहा कि अगर जल्द ही अवैध रूप से टोल वसूली बंद नहीं की गई तो एसोसिएशन आंदोलन करेगी। इसके लिए पदाधिकारियों ने तैयारी शुरू कर दी है।

इधर, जेवीएच कंपनी के प्रतिनिधि नगेंद्र सिंह का कहना है कि टोल वसूली को लेकर अभी वाणिज्य कोर्ट में केस चल रहा है। 13 अगस्त को सुनवाई है। उसमें जो भी निर्णय रहेगा, वो मान्य है। इसी बीच में पीडब्ल्यूडी या कोई संबंधित विभाग आदेश देता है तो हम बंद कर देंगे। संभागीय आयुक्त के निर्देश पर हमने एक दिन के लिए बड़लिया का टोल बंद दिया था।

0
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!