उदयपुर एसीबी की जल संसाधन विभाग में कार्यवाही : एक्सईएन-अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी 40 हजार रु. रिश्वत लेते ट्रेप,टेंडर के कार्यादेश जारी करने की एवज में मांगी रिश्वत
उदयपुर, डीपी न्यूज नेटवर्क ।
एसीबी उदयपुर की टीम ने उदयपुर में जल संसाधन विभाग के अधिशाषी अभियंता(एक्सईएन) गणपत शर्मा और अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी गजेन्द्र सिंह राजपूत को 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। एसीबी के महानिदेशक डॉ रवि प्रकाश मेहरड़ा ने बताया कि एसीबी की उदयपुर इकाई को परिवादी द्वारा शिकायत दी गई थी।
जिसमें बताया कि उसकी फर्म को मिले टेंडर के संबंध में कार्यादेश जारी करने की एवज में अधिशाषी अभियंता और अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी ने उनसे 90 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की थी। इसके लिए परिवादी को बार-बार परेशान किया जा रहा था। शिकायत मिलने के बाद एसीबी उप महानिरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद गोयल के सुपरविजन में टीम का गठन किया गया।
पुलिस निरीक्षक डॉ सोनू शेखावत के नेतृत्व में टीम ट्रेप कार्रवाई करने पहुंची। जिसके बाद टीम ने दोनों को 40 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपियों ने परिवादी से 10 हजार रुपए रिश्वत के रूप में वसूल कर लिए थे। एसीबी जयपुर के अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि रिश्वत के मामले में आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई जारी है।
