ऋषभदेव : वर्तमान में आधार कार्ड मुख्य जरूरत लेकिन उपखंड क्षेत्र में एक भी आधार सेंटर नही, छोटी छोटी कमियां अपडेट कराने के लिए दूर दराज जाने को मजबूर क्षेत्रवासी 

ऋषभदेव, डीपी न्यूज नेटवर्क  । 

शुभम जैन 

वर्तमान में आधार कार्ड हर कार्य की जरूरत बन चुका है। ऐसे में राशन हो, बैंक हो या फिर शिक्षा से जुड़े कार्य आदि के लिए आधार महत्वपूर्ण हो चला है। ऐसे में वर्तमान में छात्रावासों एवं स्कूलों में प्रवेश प्रक्रिया का कार्य चल रहा है और राशन में भी आधार केवाईसी की आवश्यकता होने से लोग आधार सेंटर पर चक्कर लगा रहे हैं। ऐसे में उदयपुर जिले के ऋषभदेव उपखंड क्षेत्र में आधार की मुख्य आवश्यकता होने के बाद भी पूरे उपखण्ड मुख्यालय में कही भी आधार सेंटर नही है ।

उपखंड क्षेत्र में एक भी आधार सेंटर नही, आधार अपडेशन के लिए दूर दराज जाने को मजबूर 

इस समय पूरे ब्लॉक में एक भी आधार सेंटर नही है । कुछ महिने पूर्व तक ऋषभदेव एवं कागदर में प्राईवेट सेंटर पर आधार सेंटर संचालित किया जा रहा था, लेकिन शिकायतों के कारण इसका अनुबंध समाप्त हो जाने से क्षेत्र के लोगों को यह सुविधा मिलना भी बंद हो गई। अब लोगों को आधार कार्ड बनवाने या अपडेट करवाने के लिए 17 km दूर या तो दुसरे उपखण्ड में या 65 km दूर जिला मुख्यालय तक जाना पड़ रहा है। उल्लेखनीय है कि ऋषभदेव उपखंड की शहरी व ग्रामीण आबादी लगभग दो लाख है। तहसील क्षेत्र में लगभग 125 राजस्व गांव एवं एक कस्बा शामिल है । इसके बावजूद छः महीने बाद भी यहां कोई आधार सेंटर चालू नहीं किया गया है। इतनी बड़ी आबादी में हर दिन सैंकड़ों लोगों को आधार सेंटर की जरूरत महसूस होती है। इसकी वजह है कि आधार कार्ड लगभग हर जगह अनिवार्य कर दिया गया है। चाहे मजदूर वर्ग हो या फिर नौकरी पेशा या स्कूली बच्चे। सभी के लिए आधार अनिवार्य कर दिया गया है, लेकिन ऋषभदेव ब्लाक में आधार कार्ड बनवाने की सुविधा उपलब्ध नहीं है। ऐसे में यहां के क्षेत्रवासी अच्छी खासी परेशानी उठा रहे हैं।

लंबी कतार के कारण जिला मुख्यालय या दुसरे उपखंड में जाने पर भी नही हो रहे कार्य,लगाने पड़ रहे कई दिनो तक चक्कर

दूसरे उपखंड या जिला मुख्यालय पर भी जाने पर अत्यधिक भीड़ के कारण कई घंटो लाइन में लगना पड़ता है कभी कभी अपडेशन का कार्य भी अत्यधिक भीड़ के कारण नही हो पाता है । ऐसे में वे अपने कार्य होने की उम्मीद में फिर से अगले दिन अपने बच्चों के साथ इस भीड़ में फिर से शामिल होने पहुंचते हैं। ऐसे कई उदाहरण मिल जाएंगे, जिसके तहत छोटी छोटी कमियों में सुधार के लिए तीन तीन चार चार दिन तक लोग आधार सेंटर पर चक्कर लगा रहे है लेकिन आधार में अपडेट एवं नवीनीकरण का कार्य नही हो पा रहा है ।

आधार अपडेट नही होने से राशन मिलने में भी हो रही परेशानी

कई लोगों को आधार के अपडेशन नहीं होने से राशन मिलने में भी परेशानी हो रही है। राशन के लिए अब आधार केवाईसी जरूरी कर दी गई है। ऐसे में कई राशन कार्ड से जुडे सदस्यों की केवाईसी नहीं होने से उन्हें राशन मिलने में भी परेशानी होगी।

जनवादी मजदूर यूनियन ने भी दिया ज्ञापन 

आधार सेंटर को लेकर जनवादी मजदूर यूनियन उदयपुर शाखा धुलेव ने भी उपखंड अधिकारी को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंप कर ऋषभदेव उपखंड क्षेत्र में कल्याणपुर ,कोझावड़ा में आधार सेंटर खोलने की मांग की है ।

0
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!