पुलिस को देख चोर पेड़ पर चढ़ा , हाथ जोड़ बोला- माफ कर दो,गलती हो गई, अब चोरी नहीं करूंगा
डुंगरपुर जिले के फलोज में 9 जुलाई की रात को ट्रेक्टर ट्रॉली चोरी हो गई। रिपोर्ट के बाद दोवड़ा पुलिस टीम ने आरोपियों के ठिकाने पर दबिश दी। आरोपी अर्जुन गिरफ्तारी से बचने के लिए सागवान के जंगल में भाग गया। दौड़ के बाद आरोपी पेड़ पर चढ़ गया। करीब 25 मिनट तक पेड़ पर ही बैठा रहा। पुलिस के कहने पर नहीं उतरा। पेड़ से ही पुलिस से बोला-साहब गलती हो गई, माफ कर दो, आगे से चोरी नहीं करूंगा। काफी मशक्कत के बाद पुलिस टीम ने अर्जुन को पेड़ से उतारा। आरोपी अर्जुन 8 दिन से ट्रेक्टर ट्रॉली वाले स्थान की रैकी कर रहा था। इसने अपने साथियों के साथ फेसिंग वाले एरिया को तोड़ते हुए चोरी की वारदात की।
पुलिस ने दोनों मुख्य आरोपी समेत ट्रॉली खरीदने वाले को गिरफ्तार कर लिया है। 60 हजार में ट्रॉली का सौदा कर दिया था। फलोज निवासी प्रेमशंकर पुत्र धर्मेन्द्र पाटीदार ने पुलिस को बताया कि निर्माणाधीन मकान फलोज दोवड़ा रोड पर स्थित है। जहां पर 9 जुलाई की रात को ट्रॉली चोरी कर ली। पुलिस टीम में हैड कांस्टेबल कांतिलाल, कांस्टेबल पुष्पेन्द्र सिंह, आसूचना अधिकारी लोकेन्द्र सिंह, महेश, गौरव, हर्षराज सिंह, संजय, हेमेन्द्र सिंह, भव्यराज सिंह को शामिल किया गया। थानाधिकारी मदनलाल ने बताया कि घटना के बाद से ही विभिन्न मार्गों के लगभग 50 जगहों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए।
टीम को ट्रेक्टर-ट्रॉली के झल्लारा क्षेत्र में होने की सूचना प्राप्त हुई। मसाणिया निवासी आरोपी रमेश पुत्र गटु परमार, पारोडा निवासी अर्जुन पुत्र गोविन्द अहारी को डिटेन कर थाने पर लाकर गहनता से पूछताछ की तो दोनों ने चोरी करना स्वीकार किया। ट्रोली खरीदने वाले भोराईगढ निवासी शंकरलाल पुत्र भंवरलाल कालबेलिया को गिरफ्तार किया। एक आरोपी सभी अंदरूनी रास्तों को जानता था।
