डुंगरपुर के सरकारी स्कूल में भील प्रदेश की प्रार्थना, वीडियो वायरल : प्रिंसिपल और 2 टीचर एपीओ, कमेटी ने जांच में शेयर वीडियो की पुष्टि की
डूंगरपुर के गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल डोलवर उपली में भील प्रदेश की प्रार्थना करवाने का मामला सामने आया है। भील प्रदेश की सामूहिक प्रार्थना का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर होने के बाद जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री (टीएडी) ने जांच के आदेश दिए। वीडियो की पुष्टि होने के बाद शिक्षा विभाग ने प्रिंसिपल सहित 3 टीचर को एपीओ कर दिया। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी (सीडीईओ) रणछोड़ लाल डामोर ने बताया- सरकारी स्कूलों में बच्चों को शिक्षा को लेकर सरकार की ओर से स्पष्ट गाइड लाइन है। दोवड़ा ब्लॉक के गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल डोलवर उपली में पिछले दिनों सामूहिक प्रार्थना सभा के दौरान भील प्रदेश की प्रार्थना करवाई गई। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। जिस पर प्रशासन हरकत में आया। मामला 9 जुलाई का है। वहीं, टीएडी और प्रभारी मंत्री बाबूलाल खराड़ी के सामने 14 जुलाई को भील प्रदेश की प्रार्थना का मामला आने पर उन्होंने इसे गलत बताते हुए जांच के आदेश दिए।
कमेटी ने की वीडियो की पुष्टि
कलेक्टर के आदेश के बाद मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी रणछोड़ लाल डामोर ने एक कमेटी का गठन करते हुए पूरे मामले की जांच करवाई। वायरल वीडियो की जांच में स्कूल में भील प्रदेश की प्रार्थना करवाने की पुष्टि हुई। जिस पर मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी ने गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल डोलवर उपली के प्रिंसिपल हरिप्रकाश परमार, पीटीआई जगदीश रोत और सीनियर टीचर जीवराज डामोर को एपीओ कर दिया गया है। सीडीईओ रणछोड़लाल डामोर ने बताया की एपीओ के दौरान प्रिंसिपल हरिप्रकाश परमार को संयुक्त निदेशक कार्यालय उदयपुर भेजा गया है। वहीं, दोनों टीचर जीवराज डामोर और जगदीश रोत को माध्यमिक शिक्षा ऑफिस में ड्यूटी के निर्देश दिए हैं।
भील प्रदेश की मांग गलत नहीं, प्रार्थना गलत: खराड़ी
टीएडी मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने भी भील प्रदेश की प्रार्थना का मामला सामने आने के बाद इसे गलत बताया था। टीएडी मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने कहा था- भील प्रदेश की मांग को कोई भी कर सकता है ये उसका अधिकार है, लेकिन सरकारी स्कूलों में प्रार्थना और शिक्षा को लेकर एक नियम है। उसी के अनुसार प्रार्थना करवाना है। भील प्रदेश की प्रार्थना करवाना गलत है।
प्रार्थना को लेकर सरकार की स्पष्ट गाइडलाइन
मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी रणछोड़ लाल डामोर ने बताया- सरकारी स्कूलों में प्रार्थना को लेकर सरकार की गाइडलाइन है। उसी के अनुसार प्रार्थना करवाने का नियम है। जिसमें सरस्वती वंदना और देशभक्ति से जुड़ी प्रार्थना का नियम हैं। इसी से जुड़ी प्रार्थना स्कूलों में करवा सकते हैं।
