चांदीपुरा वायरस को लेकर अलर्ट, गुजरात से सटे इलाकों में किया सर्वे : आंगनबाड़ी और स्कूलों के जरिए होगी निगरानी, सीएमएचओ बामनिया ने कलेक्टर को बताई पूरी स्थिति

चांदीपुरा वायरस को लेकर गुजरात से सटे उदयपुर जिले के गांवों में आंगनबाड़ी केंद्रों और स्कूलों के जरिए निगरानी की जाएगी। इसके लिए संबंधित विभागों को निर्देश जारी करने की तैयारी की जा रही है। इधर, आज मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) ने उदयपुर कलेक्टर से मिलकर पूरी स्थिति के बारे में बताया। उदयपुर कलेक्टर अरविंद कुमार पोसवाल से आज CMHO डॉ.शंकर बामनिया ने मुलाकात कर उदयपुर के खेरवाड़ा और नयागांव क्षेत्र में चांदीपुरा वायरस के दो बच्चों में लक्षण मिलने के बाद की पूरी रिपोर्ट से अवगत कराया।

बामनिया ने कलेक्टर को बताया- वहां पर एक जगह 35 और दूसरी जगह 40 जनों का सर्वे करवाया गया। उस क्षेत्र में चिकित्सा विभाग की टीम और वरिष्ठ डॉक्टर लगा दिए है जो लगातार निगरानी कर रहे है। कलेक्टर से कहा कि जिले में अभी इस वायरस को लेकर कोई संदिग्ध नहीं मिला है।

कलेक्टर से कहा कि गुजरात से सटे जिले के कोटड़ा, झाड़ोल, खेरवाड़ा, नयागांगव आदि ब्लॉक में स्थित आंगनवाड़ी और स्कूलों के जरिए भी हमें चांदीपुरा वायरस के लक्षण पर निगरानी रखनी होगी। इन केंद्रों या स्कूल में से चांदीपुरा वायरस के लक्षण किसी भी बच्चे में मिलने की सूचना मिलती है तो चिकित्सा विभाग तत्काल उसका उपचार शुरू कराते हुए उसे रेफर करवा देगा

गुजरात से सटे गांव अलर्ट मोड पर

सीएमएचओ डॉ. बामनिया ने बताया कि कोटड़ा, झाड़ोल, खेरवाडा और नयागांव क्षेत्र में सभी को चेता दिया है और इन इलाकों को हाई अलर्ट मोड पर रखा है क्योंकि ये इलाके गुजरात से सटे है। वहां रहने वाले लोगों का गुजरात आना-जाना रहता है।

उल्लेखनीय है कि उदयपुर जिले के दो बच्चों में इस वायरस के लक्षण मिले थे। दोनों का इलाज गुजरात में चल रहा था। तीन साल के एक बच्चे की 27 जून को मौत हो गई, जबकि दूसरे का इलाज जारी है और वह खतरे से बाहर है।

0
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!