ट्रेक्टर अचानक रुका,पीछे चल रहे बाइक सवार के सीने में घुसे तीन सरिये, ऑपरेशन कर सफलता पूर्वक निकाले सरिये, बची जान
ऋषभदेव,डीपी न्यूज । उपखण्ड के मसारों की ओबरी क्षेत्र में रविवार को आगे चल रहे ट्रैक्टर के अचानक रुकने से पीछे चल रहा बाइक सवार घायल हो गया। ट्रैक्टर ट्रॉली में सरिये भरे हुए थे। ट्रेक्टर अचानक रुकने से बाइक सवार सरियों से जा टकराया । तीन सरिये बाइक चालक के सीने के बगल में घुस गए। उसे तुरंत 108 से सामुदायिक स्वास्थ केन्द्र ऋषभदेव ले गए। डॉक्टरों की टीम ने ऑपरेशन कर उसकी जान बचा ली।
मसारों की ओबरी निवासी विजयपाल पुत्र देवीलाल बाइक से रविवार सुबह 10.30 बजे ऋषभदेव से मसारों की ओबरी जा रहा था। रास्ते में उसके आगे एक ट्रैक्टर लोहे के सरिये भर कर जा रहा था कि अचानक ट्रैक्टर के रुकने से पीछे चल रहा विजयपाल सरियों से टकरा गया। इससे तीन सरिये सीने के बगल में घुस गए और आरपार हो गए। विजयपाल दर्द से तड़पने लगा। रास्ते से गुजर रहे लोगों ने उसकी मदद कर सरिये काटे और सामुदायिक स्वास्थ केन्द्र ले गए। यहां पर चिकित्सा अधिकारी डॉ. यशपाल भगोरा ड्यूटी पर थे। नर्सिंग स्टाफ ने जांच करके देखा तो सरिये सीने के बगल से होते हुए बाहर निकले थे, लेकिन अंदर की हड्डियों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा था, सिर्फ मांसपेशियां ही क्षतिग्रस्त हुई थी ।
डॉक्टर ने ऑपरेशन कर सरियों को सफलतापूर्वक बाहर निकाल लिया। डॉ. भगोरा के मुताबिक मरीज ठीक है और उसे उपचार के लिए उदयपुर रेफर कर दिया गया है। सरिया मांसपेशियों में जाकर फंस गया था और हड्डियों में नहीं था ।
