जमीनी विवाद के चलते शिक्षक सहित 7 लोगों ने एक किसान के दो झोपड़ों में लगाई आग, अनाज, कपड़े और घास सहित अन्य सामान जलकर खाक
डूंगरपुर जिले के धंबोला थाना क्षेत्र के भादर गांव में शुक्रवार रात के समय जमीनी विवाद के चलते शिक्षक सहित 7 लोगों ने एक किसान के दो झोपड़ों में आग लगा दी। उसके बाद सभी फरार हो गए। आग से झोपड़ों में रखा अनाज, कपड़े, घास सहित अन्य सामान जलकर खाक हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
धंबोला थानाधिकारी तेजसिंह ने बताया- भादर निवासी बंशीलाल ने मामला दर्ज कराया है। रिपोर्ट में बताया- गांव की 16 बीघा जमीन पर पिछले 45 सालों से कब्जा है। वहीं, पिछले 20 सालों से 4 झौपड़ियां बना कर रहते हैं। वहीं, गांव के ही एक शिक्षक मणिलाल पुत्र गौतम ताबीयाड के साथ इस जमीन का विवाद चल रहा है। इसी विवाद के चलते कुछ दिनों पहले शिक्षक मणिलाल ने एक बुजुर्ग किसान पर हमला किया था। वहीं, शुक्रवार रात करीब एक बजे शिक्षक मणिलाल, उसका बेटा राकेश, काजू, कैलाश, शंकर सहित अन्य लोग आए और उनकी दो झोपड़ों में आग लगा दी।
परिवार के लोग खेतों में सोए थे। वहीं, आग लगाकर आरोपी फरार हो गए। आग से झोपड़ों में रखा अनाज, कपड़े, घास और अन्य सामान जलकर खाक हो गए। शनिवार सुबह सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
