आईसीआईसीआई बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर की नौकरी दिलाने के नाम पर 1.43 लाख रूपए की ठगी,साथ में पढ़ने वाले दोस्त के खिलाफ मामला दर्ज़
डूंगरपुर के ओबरी थाने में एक युवक ने ठगी का मामला दर्ज करवाया है। युवक को आईसीआईसीआई बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर की नौकरी दिलाने के नाम पर 1.43 लाख रुपए हड़प लिए। ठगी की ये वारदात उसी के साथ पढ़ने वाले एक दोस्त ने की। रुपए देने के बाद भी नौकरी नहीं मिलने पर पीड़ित युवक की ओर से मामला दर्ज करवाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ओबरी थानाधिकारी मीना कुमारी ने बताया कि खुर्शीत डामोर पुत्र विरहम डामोर निवासी अंबाडा कड़ैया फला की ओर से रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। इसमें बताया कि प्रमोद सोनी पुत्र विजेंदर सिंह सोनी निवासी रतनपार्क जिला मथुरा उत्तरप्रदेश ने उसके साथ ठगी की है। खुर्शित ने बताया कि साल 2019-20 में वह मध्यवर्त इंस्टीट्यूट ऑफ एरोटिक सांगानेर जयपुर में पढ़ाई के लिए गया था। उसी इंस्टीट्यूट में आरोपी प्रमोद सोनी भी पढ़ाई करता था। दोनों की वहीं पर पहचान हुई। दोनों 5 महीने तक उसी इंस्टीट्यूट में साथ रहे। इस दौरान आरोपी प्रमोद सोनी उसे इंस्टीट्यूट फर्जी होने की बात कहकर छोड़ने के लिए बोलता रहा। इस पर वह इंस्टीट्यूट छोड़कर पंचवटी कॉलेज सागवाड़ा में बीएससी करने लगा, लेकिन इस दौरान उसके दोस्त प्रमोद सोनी से फोन पर बातचीत होती रही। प्रमोद सोनी का 3 नवंबर 2023 को मैसेज आया और बोला कि क्या कर रहे हो। इस पर उसने बताया कि बीएससी हो गई है। इसके बाद उसका मैसेज आया कि बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर की वेकेंसी आई है।
रिफंड करवाने के नाम पर भी रुपए लिए
आरोपी ने आईसीआईसीआई बैंक में अच्छी सैलरी मिलने का सुझाव दिया और उसके पास के ही बैंक में नौकरी दिलाने का झांसा दिया। आरोपी ने उसे ये भी बताया कि इससे पहले 7 लोगों को उसने नौकरी दिलाई है और ज्वाइनिंग लेटर दिखाए। आरोपी ने उसके पापा से भी नौकरी को लेकर बात की। इसके बाद मार्कशीट, फोटो और सभी डॉक्यूमेंट के साथ फार्म के 8 हजार रुपए दिए। बाद में फोन कर 10 हजार रुपए मांगे। जिस पर उसने 2 हजार रुपए और गूगल पे किया। उसने नौकरी के लिए कुल 75 हजार रुपए मांगे। 12 नवंबर 2023 को केरेक्टर सर्टिफिकेट और मेडिकल सर्टिफिकेट जमा करवाने और नहीं देने पर 10 हजार रुपए मांगे। इस पर उसने अलग-अलग गूगल पे किया। 19 नवंबर को फिर से ऑफर लेटर के नाम पर 15 हजार रुपए दिए। इसके बाद घर के पास बैंक में पोस्टिंग दिलाने के नाम पर 25 हजार रुपए, 20 नवंबर को एनआईएसएम फॉर्म भरने के लिए 9 हजार रुपए, ऑनलाइन फॉर्म जमा करने के नाम पर 2500 रुपए इस तरह आरोपियों ने अलग तरीके से झांसे में लिया। उसके 1 लाख 43 हजार 823 रुपए हड़प लिए। ठगी का पता लगने पर उसने जमा लिए गए रुपए वापस देने के लिए कहा। जिस पर प्रमोद सोनी ने पैसे लौटाने का भरोसा दिलाया। पैसे वापस दिलाने के लिए मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने से नौकरी नहीं कर सकता हूं, ऐसा लिखवाकर लाने के लिए कहा। रिफंड फार्म के साथ 2 हजार रुपए और देने का झांसा दिया, लेकिन आरोपी ने उसके रुपए वापस नहीं लौटाए। इस पर पीड़ित खुर्शित की ओर से ओबरी थाने में ठगी का मामला दर्ज करवाया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
