हर्षिल का राष्ट्रीय स्तर पर चयन

मावली,ओमप्रकाश सोनी । तहसील के फतहनगर के फतह एकेडमी विद्यालय के हर्षिल शर्मा का साइंस इंस्पायर अवार्ड में राष्ट्रीय स्तर पर चयन हुआ है। विद्यालय निदेशक अजय जैन ने बताया कि राज्य स्तर पर चयनित 264 विद्यार्थियों में से मात्र 23 विद्यार्थियों का चयन राष्ट्रीय स्तर के लिए हुआ है। जिसमें से उदयपुर जिले के एकमात्र विद्यालय फतह एकेडमी फतहनगर से हर्षिल शर्मा पुत्र विनोद शर्मा का चयन हुआ है। दसवीं के छात्र हर्षिल शर्मा ने खदान में काम करने वाले श्रमिकों के लिए आधुनिक कैप बनाई है। इसकी मदद से खदान के अंदर के हालात और श्रमिकों की लोकेशन का आसानी से पता चल सकेगा। साथ ही खदान में फंसे श्रमिकों से बचाव दल बात कर सकेगा। इससे उन्हें सकुशल बाहर निकालने में काफी मदद मिलेगी। हर्षिल ने कैप का मॉडल 9 – 10 जून को जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय इंस्पायर अवॉर्ड प्रतियोगिता में प्रदर्शित किया था। चयनकर्ताओं को यह मॉडल बहुत पसंद आया और इसी के आधार पर हर्षिल का चयन अब राष्ट्रीय स्तर के लिए हुआ है। पिछले माह 8 – 9 मई को उदयपुर के गोवर्धन विलास स्कूल में इस प्रतियोगिता की शुरुआत हुई थी। हर्षिल ने बताया कि खदान में श्रमिकों के फंसने की घटनाओं को देखते हुए उन्होंने एक ऐसा मॉडल बनाने की ठानी जो उनकी मदद करने में पूरी तरह से सक्षम हो। इसी के तहत उन्होंने आधुनिक कैप बनाई, जिसे काफी पसंद किया जा रहा है। उदयपुर में प्रदर्शित मॉडल में जीपीएस ट्रैकर के साथ लेजर माइनिंग कैप बनाई थी। इसने अहमदाबाद सूचना और प्रौद्योगिकी से आए चयनकर्ताओं को काफी प्रभावित किया था। इसके बाद कैप को अपग्रेड करते हुए कैमरा, माइक समेत स्पीकर भी लगाया और राज्य स्तर पर प्रदर्शित किया। इससे बाहर के बचाव दल को खदान के अंदर के दृश्य, श्रमिकों से बातचीत में काफी मदद मिलेगी। हर्षिल ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर जाने से पहले मॉडल को एक बार और अपग्रेड किया जाएगा। इसके तहत कैप में मोशन सेंसर, हाई वोल्ट बैटरी भी लगाई जाएगी ताकि अंदर के तापमान, ऑक्सीजन लेवल आदि की भी जानकारी मिल सके। वर्तमान में हर्षिल जयपुर में एमएनआईटी यूनिवर्सिटी में मेंटरशिप कार्यशाला में भाग ले रहे हैं जिसमें विद्यार्थियों को इंजीनियर्स द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

0
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!