सो रही थीं पत्नी, पति ने कुल्हाड़ी से हमला कर मौत के घाट उतारा,बचाने की कोशिश में बेटी भी घायल
पति ने रात को घर में सो रही पत्नी पर कुल्हाड़ी से अचानक हमला कर मर्डर कर दिया। 17 साल की बेटी बीच-बचाव करने आई तो वह भी घायल हो गई। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां महिला को मृत घोषित कर दिया। वहीं बेटी का इलाज कर छुट्टी दे दी गई। पूरी घटना बाड़मेर जिले के धोरीमन्ना थाना इलाके के आलमसरिया गांव की है।
पुलिस ने मृतका के शव को हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। वहीं पति को डिटेन कर लिया है। पीहर पक्ष के आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रात को अचानक उठा पति, कर दिया हमला
पुलिस के अनुसार जीयोदेवी (40), उसके बच्चे (3 बेटियां और 1 बेटा) और पति चुनीलाल (43) मंगलवार रात को घर में सो रहे थे। अचानक रात को करीब ढाई बजे पति चुनीलाल पुत्र पांचाराम उठा और कुल्हाड़ी से सो रही पत्नी पर हमला कर दिया। मां के चिल्लाने की आवाज सुनकर 17 साल की बेटी सुमित्रा नींद से उठी और बीच-बचाव करने लगी। इस दौरान बेटी भी घायल हो गई।
चिल्लाने की आवाज से पूरा परिवार उठ गया। मां;बेटी दोनों को धोरीमन्ना हॉस्पिटल लेकर आए। वहां पर जीयो देवी की मौत हो गई। वहीं सुमित्रा का प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। धोरीमन्ना थानाधिकारी माणकराम विश्नोई ने मौका मुआयना किया। वहीं पीहर पक्ष को सूचना दे दी है।
घायल बेटी के पर्चा बयान लिए
धोरीमन्ना थानाधिकारी विश्नोई ने बताया कि मंगलवार रात को करीब 3 बजे सूचना मिली। इस पर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को हॉस्पिटल लेकर आये। वहां पर जीयो पत्नी चुनीलाल की मौत हो गई। घायल बेटी सुमित्रा के पर्चा बयान लिए गए। इसके आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। वहीं मृतका के शव को हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है।
आरोपी पति को किया डिटेन
वहीं मृतका के पति आरोपी चुनीलाल को डिटेन कर लिया गया है। फिलहाल जांच पड़ताल की जा रही है। पीहर पक्ष आने के बाद पोस्टमार्टम करवाकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मारने की पीछे क्या वजह रही है कि इसकी गहनता से जांच कर रहे है।
एक साल पहले रीड की हड्डी हुई थी फ्रैक्चर
पुलिस के अनुसार मृतका जीयो देवी के 3 बेटियां और 1 बेटा है। सभी रात को खाना खाकर सो गए थे। जानकारी के मुताबिक जीयो देवी करीब 1 साल पहले खेजड़ी के पेड़ से नीचे गिर गई थी। उस दौरान रीड की हड्डी फ्रैक्चर हो गई थी। बाड़मेर-जोधपुर में इलाज करवाया था। फिलहाल लकड़ी के सहारे चलती थी।
