वाहवाही के चक्कर में रील बनाना पड़ा महंगा : स्टीयरिंग छोड़कर चलती थार पर चढ़ा युवक,वीडियो सामने आने के बाद गिरफ्तार

सोशल मीडिया पर व्यूज और लाइक्स पाने के लिए युवा अपने साथ-साथ दूसरों की जान भी जोखिम में डाल रहे हैं। स्टीयरिंग छोड़कर चलती थार के ऊपर चढ़कर करतब दिखाने की रील सामने आने के बाद युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामला झालावाड़ जिले के कोतवाली थाना इलाके का है।

सीआई चन्द्रज्योति शर्मा ने बताया- थार से खतरनाक स्टंट करने का वीडियो सामने आने के बाद आरोपी इस्माइल चौधरी (38) पुत्र अब्दुल सलाम निवासी मंगलपुरा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रील बनाने के काम में ली गई थार जीप जब्त की है।

वीडियो में आरोपी मेन रोड पर स्टीयरिंग छोड़कर चलते वाहन की छत पर चढ़ता है। इससे स्वयं और अन्य लोगों की जान का खतरा बना रहता है। इस तरह की रील से कई सड़क हादसे हो चुके हैं। आरोपी बिजनेस परिवार से जुड़ा है।

एसपी ऋचा तोमर ने बताया- गिरफ्तार आरोपी इस्माइल चौधरी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर थार जीप पर रोड पर ऐसे ही कई खतरनाक स्टंट वाले वीडियो अपलोड किए हैं। एक अन्य युवक मोहम्मद आसिफ उर्फ भूत ने भी इसी तरह स्टीयरिंग छोड़कर चलती कार के ऊपर चढ़कर स्टंट करने की रील सोशल मीडिया पर डाली है। उसकी तलाश कर रहे हैं।

वाहवाही लूटने के लिए बना रहे रील

एसपी ऋचा तोमर ने बताया- मुख्य सड़कों पर खतरनाक तरीके से वाहन चलाना, वाहन की स्टीयरिंग छोड़कर छत पर चले जाना और वाहन के ऊपर आतिशबाजी रखकर चलाना जैसे स्टंट की रील बनाकर सोशल मीडिया पर वाहवाही लूटने के लिए वायरल की जा रही हैं। रील बनाने के जुनून में युवा अपनी जान को तो दांव पर लगाते ही हैं, आम लोगों की जान को भी खतरे में डालते हैं।

कोतवाली थाने की सीआई ने बताया- वाहन के साथ खतरनाक तरीके से स्टंट की रील वायरल करने वाले लोगों पर नजर रखी जा रही है। उनकी पहचान कर उनके खिलाफ मामले दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस और भी लोगों की पहचान कर रही है, जो इस तरह का स्टंट करके वायरल कर रहे हैं।

0
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!