उदयपुर : गर्मी से महिला वार्ड पंच की मौत,चक्कर आने से गड्ढे में गिरी थीं
उदयपुर में सोमवार को गर्मी से एक महिला वार्ड पंच की मौत का मामला सामने आया है। मंगलवार को उसका उदयपुर के एमबी अस्पताल में पोस्टमॉर्टम कराया गया। उदयपुर के कुराबड़ थाना क्षेत्र के छोटा भल्लो का गुड़ा निवासी वार्ड पंच दुर्गा गमेती (33) रोज की तरह खेत पर बकरियां चराने गई थी। जहां तेज गर्मी से उसका जी घबराया तो और वह छांव में जाकर बैठी लेकिन उसे चक्कर आए और पास के ही एक गड्ढे में गिर गई। बाद में पति और कुछ लोग उसे उदयपुर एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। आज दोपहर में उदयपुर के एमबी अस्पताल की मोर्चरी में परिजनों की ओर से रिपोर्ट पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंपा।
परिजनों ने बताया कि तेज गर्मी से ही उसकी तबियत बिगड़ी। वार्ड पंच घनश्याम सालवी ने बताया कि वार्ड पंच दुर्गा की मौत गर्मी की वजह से ही हुई क्योंकि भरी गर्मी में ही उसे चक्कर आए। दूसरी तरफ पुलिस का कहना है कि परिजन गर्मी से ही मौत बता रहे है लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
