दो नाबालिग और एक महिला का अपहरण
बांसवाड़ा जिले के गढ़ी थाना क्षेत्र में अपहरण के दो मामले सामने आए हैं। जिसमें एक केस में आरोपी मां और बेटी का साथ में अपहरण कर ले गया तो वहीं दूसरे केस में आरोपी घर के आंगन में सो रही नाबालिग को बहला फुसलाकर भगा ले गया। जब परिजनों को इसका पता चला तब जाकर उन्होंने थाने में जाकर रिपोर्ट दर्ज कराई।एक केस में प्रार्थी ने बताया कि उसकी पुत्रवधु और नाबालिग पोती गुरुवार को सुबह 11 बजे के करीब जंगल में बकरियां चराने गए हुए थे। तभी कलिंजरा थाना क्षेत्र के सिरोला निवासी पीयूष कनिपा जीप में अपने 5-6 साथियों के साथ सवार होकर आया। आरोपी प्रार्थी की बहू को पत्नी बनाने और नाबालिग बेटी को किसी अन्य व्यक्ति को बेच देने के मकसद से जबरन भगाकर ले गए। प्रार्थी की बहू के पास अपहरण के वक्त कई सोना चांदी के जेवर भी थे। पूरी घटना को मौके पर एक अन्य युवती ने देखा जो खुद भी बकरियां चराने जंगल में गई हुई थी। प्रार्थी ने बताया कि एक साल पहले भी आरोपी बहु को भगाकर ले गया था, लेकिन तब समझाइश कर वापस घर ले आए थे।
इधर, दूसरे केस में प्रार्थी ने बताया कि गत 10 अप्रैल को वो रात को खेत में खलिहान की रखवाली के लिए सोने के लिए गया था। घर पर उसकी नाबालिग बेटी अन्य परिजनों के साथ आंगन में सोई हुई थी। तभी ग्राम पंचायत खेरन का पारड़ा निवासी अरविंद ताबियार प्रार्थी की बेटी को पत्नी बनाने के मकसद से जबरन बहला फुसलाकर भगाकर ले गया। प्रार्थी ने इस पूरे मामले में 5 जनों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है जिन्होंने अरविंद को सहयोग किया। नामजद आरोपियों में अरविंद के अलावा देवीलाल, मोहनलाल, रमिला और हीरालाल के नाम शामिल हैं जो एक ही गांव के हैं। पुलिस ने नाबालिग से जुड़े की होने के कारण दोनों ही मामलों में जांच शुरू कर दी है।
