उदयपुर : पहले चरण के बाद भाजपा-कांग्रेस के बड़े नेताओं का फोकस मेवाड़-वागड़ पर,जातीय और क्षेत्रीय समीकरण साधने में जुटे दोनों दल
प्रदेश के 13 जिलों में पहले चरण के चुनाव के बाद कांग्रेस और भाजपा के बड़े नेताओं का अगला फोकस वागड़-मेवाड़, मारवाड़ और हाड़ौती की लोकसभा सीटों पर रहेगा। दूसरे चरण में उदयपुर के अलावा बांसवाड़ा-डूंगरपुर, टोंक, सवाई माधोपुर, अजमेर, पाली, जोधपुर, बाड़मेर, जालौर, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, भीलवाड़ा, कोटा एवं झालावाड़ लोकसभा सीटों के लिए 26 अप्रैल को मतदान होंगे। इस कड़ी में 48 घंटे पहले राजनीतिक पार्टियों की ओर से सभाएं और प्रचार प्रसार बंद हो जाएगा।
शेष बचे हुए 6 दिनों को लेकर राजनीतिक दलों की ओर से पूरी ताकत झोंकी जा रही है। हालांकि, पार्टियों की ओर से प्रत्याशियों की स्थिति को देखते हुए बड़े नेता चुनाव प्रचार तय किया गया है। उदयपुर लोकसभा क्षेत्र की बात करें यहां भाजपा की स्थिति मजबूत है। लेकिन, कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर पूर्व प्रशासनिक अधिकारी (कलेक्टर) ताराचंद मीणा मैदान में हैं। इसलिए भाजपा अपने समीकरणों को सुधारने के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का रोड शो रख रही है।
गृहमंत्री शाह के साथ इस रोड में सीएम भजनलाल शर्मा भी भाजपा प्रत्याशी (पूर्व आरटीओ अफसर) डॉ. मन्नालाल रावत के समर्थन में रोड शो में शामिल होंगे। रोड शो के माध्यम से भाजपा अपने समर्थन में माहौल को मजबूत करेगी। भाजपा का सोचना है कि बड़ा वर्ग शहरी आबादी का है, जहां से एक साथ पार्टी के समर्थन में लहर चलेगी।
दूसरी ओर कांग्रेस से चित्तौड़गढ़ प्रत्याशी उदयलाल आंजना व उदयपुर के ताराचंद मीणा के समर्थन में 20 अप्रैल को पूर्व सीएम अशोक गहलोत वल्लभनगर और शोभागपुरा चौराहे पर जनसभाएं करेंगे। गहलोत चार्टड प्लेन से दोपहर एक बजे डबोक एयरपोर्ट पहुंचेंगे। दोपहर 1:15 बजे सड़क मार्ग से वल्लभनगर पहुंचेंगे, जहां सवना बावजी में जन सभा होगी।
ऐसे ही शाम 4 बजे कांग्रेस कमेटी कार्यालय के पास शोभागपुरा में प्रत्याशी मीणा के समर्थन में सभा करेंगे। शाम को उदयपुर से जोधपुर के लिए रवाना हो जाएंगे। वैसे भी कलेक्टर रहते हुए प्रत्याशी मीणा को पूर्व सीएम गहलोत का करीबी माना जाता था। इसलिए भी चुनाव में कांग्रेस को मजबूत बनाने की जिम्मेदारी गहलोत की है।
रोड शो के दौरान जगह-जगह होगा स्वागत
गृहमंत्री शाह के रोड शो को लेकर भाजपा पार्टी कार्यालय में गुरुवार को राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया व लोकसभा संयोजक प्रमोद सामर की मौजूदगी में मंडलों, जिला और मोर्चों के पदाधिकारियों की बैठक हुई।
शहर भाजपा जिलाध्यक्ष रवींद्र श्रीमाली व देहात जिलाध्यक्ष डॉ. चंद्रगुप्तसिंह चौहान की मौजूदगी में रोड शो संयोजक की जिम्मेदारी डिप्टी मेयर पारस सिंघवी को दी गई। तय हुआ कि शाम 6 बजे रोड शो की शुरुआत देहली गेट से होगी। पार्टी की ओर से तैयार रथ के साथ रोड शो होगा।
शुरुआत में अंबेडकर मंडल, भुवन मंडल, नंदेश्वर मंडल, बड़गांव मंडल के कार्यकर्ता रोड शो का स्वागत करेंगे। यहां मंच पर श्रीनाथ भगवान की झांकी बनेगी। पार्षद छोगालाल भोई के सान्निध्य में चांग वादन होगा। गुजरात आइसक्रीम पार्किंग पर बड़गांव मंडल व भंडारी मंडल के कार्यकर्ता स्वागत करंेगे। बैंक तिराहे पर राणा प्रताप मंडल के साथ सिंधी समाज स्वागत करेगा। बापू बाजार के मच्दी कट पर रामेश्वर मंडल, दीनदयाल उपाध्याय मंडल व भारतीय मजदूर संघ की ओर से पुष्प वर्षा होगी।
नाड़ाखाड़ा में श्यामा प्रसाद मुखर्जी मंडल, देबारी मंडल के साथ साहू समाज की ओर से रथ का स्वागत होगा। नटराज गली के बाहर जावर माता मंडल और सिख समाज की ओर से रोड शो का स्वागत होगा। सूरजपोल पर कंट्रोल रूम के बाहर सरदार पटेल मंडल स्टेज लगाकर स्वागत करेगा। पूरे रास्ते गवरी नृत्य, गैर नृत्य, घूमर नृत्य, भगवान राम, हनुमान और महावीर स्वामी की झांकी रथ के साथ चलेगी। पार्टी की राष्ट्रीय सचिव विजया रहाटकर के स्तर पर पूरी तैयारियों की मोनेटरिंग हो रही है।
सुरक्षा प्रबंधों से भड़के व्यापारी, रैलिंग लगाने से रोका
इधर, गृहमंत्री शाह के रोड शो को लेकर पुराने शहर में तय रूट के दोनों ओर रैलिंग लगता देख स्थानीय दुकानदारों ने नाराजगी जताई। आरोप लगाए कि रोड शो से एक दिन पहले रैलिंग लगाने से उनका व्यापार ठप होगा। सावों के महीने में उनका पूरे साल का व्यापार होता है।
सुरक्षा कारणों के बीच एसपी योगेश गोयल रूट वाले इलाकों में तैयारियों का मौका देखने पहुंचे। यहां व्यापारियों ने विरोध दर्ज कराया। हकीकत में केंद्रीय गृहमंत्री शाह को पीएम मोदी और राष्ट्रपति के बाद सबसे मजबूत सुरक्षा घेरा मिला हुआ है। घनी आबादी वाले इलाके में रोड शो के दौरान सुरक्षा को संभालना पुलिस के चुनौती बनी हुई है। इसलिए सड़क के दोनों ओर बेरिकेड्स लगवाए जा रहे हैं। ताकि लोग रैलिंग के पीछे खड़े रहे।
