बांसवाड़ा : शराब के नशे में युवक ने वाहन चालक को धमकाया,भाजपा कार्यकर्ताओं की गाड़ी से हटाए झंडे,बोला : आरक्षण बेचने वाली पार्टी का समर्थन कर रहे हो तुम
बांसवाड़ा जिले में पिछले दो दिनों से एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें एक युवक भाजपा समर्थक और कार्यकर्ताओं की गाड़ी रुकवाकर उन्हें डराता नजर आ रहा है और उनकी गाड़ियों से पार्टी का झंडा हटाकर फेंक रहा है। जब यह वीडियो पुलिस तक पहुंचा तो पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी। गुरुवार देर शाम को मोटागांव थाना पुलिस ने आखिरकार आरोपी युवक मंडेला डिंडोरिया निवासी 20 वर्षीय विकास को गिरफ्तार कर लिया। थानाधिकारी गंगाराम ने जब युवक को भविष्य में ऐसी घटना महीने करने की हिदायत दी तो आरोपी यह धमकी देने लगा कि जिसने वीडियो बनाया उसे देख लूंगा। इस धमकी पर पुलिस ने शांतिभंग में गिरफ्तार कर लिया।
यह है पूरा मामला
दरअसल घाटोल के जगपुरा में भाजपा प्रत्याशी महेंद्रजीत सिंह मालवीया की सभा से कार्यकर्ता लौट रहे थे तब बीच रास्ते में एक युवक हर भाजपा की गाड़ी को रोक रहा था और झंडिया निकाल कर यह धमकी दे रहा था कि जिस पार्टी ने संविधान और आदिवासी समाज के बच्चों का आरक्षण बेच दिया उनका समर्थन नहीं करेंगे। आरोपित युवक ने यह धमकी भी दी की झंडिया लगानी हैं तो घर पर लगाना। आरोपी युवक ने वाहन चालकों को भद्दी गालिया भी दी।
