पत्नी ने सोने के झुमके मांगे,पति ने किया सुसाइड : बड़ा भाई बोला – जब से लोन के डेढ़ लाख रुपए आए तब से कर रही थीं डिमांड

बिजनेस शुरू करने के लिए डेढ़ लाख रुपए लोन लिया तो पत्नी सोने के झुमके बनवाने के लिए झगड़ने लगी। इससे परेशान युवक ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। युवक की पांच साल पहले शादी हुई थी, ढाई साल का बेटा है। मामला कोटा जिले के भीमगंजमंडी थाना इलाके के डढवाड़ा मोहल्ले का है। घटना शुक्रवार रात हुई, पुलिस को शनिवार सुबह 9 बजे शव मिला।

भीमगंजमंडी थाना हेड कॉन्स्टेबल अजीराम ने बताया- युवक धारा सिंह (25) मूलरूप से रोडगंज हरिपुरा खातौली का रहने वाला था। पिछले 15 साल से कोटा में वह कचौरी बनाने का काम करता था। वर्तमान में वह डढ़वाड़ा इलाके में स्थित भैरू जी के चबूतरे के पास किराए के कमरे में परिवार के साथ रहता था। परिवार में पत्नी रीना (23) और ढाई साल का बेटा है। धारासिंह घर पर अकेले था। उसकी पत्नी नाराज होकर अपने रिश्तेदार के यहां चली गई थी। परिजनों की सूचना पर पुलिस पुलिस पहुंची। कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजनों ने झुमके को लेकर पति-पत्नी के झगड़े की बात पुलिस को नहीं बताई।

बड़ा भाई बोला- सोने के झुमके की थी डिमांड

धारा सिंह के बड़े भाई कालू सिंह ने बताया- मेरा रूम भाई (धारा सिंह) के कमरे के पास डढवाड़ा इलाके में भैरूजी का चबूतरा में है। मैं और कालू कचौरी का कारोबार शुरू करना चाहते थे। कुछ समय पहले पिता के मकान पर हमने 1.5 लाख का लोन लिया था।

लोन का पैसा 20 दिन पहले आया था। तब से ही धारा सिंह दुकान पर (काम पर) नहीं जा रहा था। उसकी पत्नी रीना को पता था कि घर में डेढ़ लाख रुपया है। वह धारा सिंह से 20 हजार रुपए की सोने के झुमके दिलाने की मांग करने लगी। इससे धारा परेशान हो गया था। शादी के बाद से ही पत्नी कई डिमांड को लेकर उससे झगड़ा करती थी।

शुक्रवार की शाम भी इसी बात पर पति-पत्नी की बीच जमकर कहासुनी हुई। उसकी पत्नी बच्चे को लेकर गुस्से में घर से निकल गई और कोटा में अपने रिश्तेदार के घर चली गई। रीना का पीहर भी गढेपान (भीमगंजमंडी) में है। रात 9 बजे धारा मेरे कमरे पर आया और उसने सारा घटनाक्रम बताया। रात को 11 बजे तक हम साथ ही थे। इसके बाद खाना खाकर धारा सिंह अपने कमरे पर चला गया।

सुबह बड़े भाई के साले को मिला शव

 

कालू सिंह ने बताया- शनिवार सुबह 8 बजे मेरा साला जुगराज रूम पर आया। मुझसे बात करने के बाद वह धारा सिंह से मिलने उसके कमरे पर चला गया। बहुत आवाज लगाने के बाद भी जब धारा सिंह ने दरवाजा नहीं खोता तो जुगराज ने दरवाजा तोड़ दिया।

उसने देखा कि धारा सिंह फंदे पर लटका हुआ है। उसने पड़ोस के लोगों को बताया और सभी ने मिलकर धारा को फंदे से उतारकर बेड पर लिटाया। इसके बाद उसने मुझे बताया। सुबह के 9 बज रहे थे। मैं उसके रूम पर पहुंचा।

उसे हम एमबीएस हॉस्पिटल ले गए, जहां डॉक्टरों ने धारा सिंह को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर उसकी पत्नी भी घर आ गई। कालू ने बताया कि धारा सिंह को तड़के 3 बजे मकान मालिक ने देखा था, वह टॉयलेट के लिए रूम से बाहर आया था। ऐसे में आशंका है कि 3 से 6 बजे के बीच उसने सुसाइड किया।

 

0
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!