ऋषभदेव : मेले में “मौत का कुआ” शो के दौरान कार का टायर फटने से हादसा, कार पलटकर नीचे गिरी, युवक-युवती घायल
ऋषभदेव । भगवान ऋषभदेव के जन्मोत्सव पर लगे तीन दिवसीय मेले में लगे “मौत का कुआ” शो के दौरान कार का टायर फटने से हादसा हो गया। जिसके बाद कार नीचे गिरकर पलट गई। कार चालक युवक और एक युवती बुरी तरह घायल हो गए। जिन्हें तुरंत हॉस्पिटल पहुंचाया गया। घटना ऋषभदेव के गुरुकुल समुदाय ग्राउंड में चल रहे मेले में बीती रात करीब 9.15 बजे की है। मेले में “मौत का कुआ” शो चल रहा था। बड़ी संख्या में लोग इसे देख रहे थे। मौत के कुएं में शो के दौरान एक कार और 2 बाइक सवार अपना प्रदर्शन दिखा रहे थे। तभी कार को ऊपर से नीचे लाते वक्त धमाके के साथ कार का टायर फटा और फटने के बाद कार नीचे गिरकर पलट गई। गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ। हालांकि कार चालक और उसमें सवार एक युवती घायल हो गए। जिन्हें तुरंत ऋषभदेव सरकारी हॉस्पिटल में ले जाया गया। बता दें, भगवान ऋषभदेव की जन्मोत्सव उपलक्ष्य में यहां हर साल तीन दिवसीय मेला भरता है जिसमें नाव, ड्रेगन, चकरी-डोलर सहित कई तरह की झूले लगते हैं और बड़ी संख्या में विभिन्न स्टॉल्स लगाई जाती हैं।

ऋषभदेव एसडीएम जवाहर राम चौधरी ने बताया कि आयोजकों ने मेले की लिखित में अनुमति तो ली थी लेकिन ये मुझे ध्यान नहीं कि उसमें मौत के कुएं का शो भी शामिल था या नहीं। हमने आयोजकों को नियमानुसार पुख्ता सुरक्षा इंतजाम के मेला संचालन के निर्देश दिए थे। वहीं] इस मामले में ऋषभदेव नगरपालिका के अधिशाषी अभियंता दुर्गेश रावल ने बताया कि हमने इनसे लिखित में पहले ही लिखवाया लिया था कि स्टंट करते वक्त किसी भी तरह की घटना की जिम्मेदारी उनकी स्वयं की होगी। हमने आगे के लिए भी उसको पाबंद किया है।
