30 लाख में गिरवी रखा 1 किलो सोना हड़पा,व्यापारी ने दर्ज कराया धोखाधड़ी का मामला
सागवाड़ा थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने गिरवी रखा 1 किलो सोना हड़पने की रिपोर्ट दी है। पीड़ित 30 लाख रुपए में गिरवी रखा एक किलो सोना छुड़वाने के लिए गया था, लेकिन आरोपी ने उसे सोना वापस देने से मना कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सागवाड़ा थाना पुलिस के अनुसार प्रसाद पटेल पुत्र बंशीलाल पटेल कलाल निवासी पुनर्वास कॉलोनी सागवाड़ा ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। इसमें बताया की वह एक व्यापारी है। उसे पैसे की जरूरत होने पर वह 1 अक्टूबर 2018 को धनपाल पुत्र तोलाचंद सेठ जैन निवासी सरोदा के पास गया। उसने 999 कैरेट सोने के 100 -100 ग्राम के 10 बिस्किट कुल 1 किलो सोना गिरवी रखा। इसके बदले 30 लाख रुपए लिए। लेनदेन को लेकर लिखावट भी की गई।
प्रसाद पटेल ने रिपोर्ट में बताया की रुपयों का इंतजाम होने पर वह 30 लाख रुपए ब्याज सहित लेकर कई बार धनपाल जैन के पास गया। लेकिन वह बात को टालता रहा ओर सोना नहीं दिया। 25 फरवरी को वह फिर से 30 लाख ब्याज सहित देकर सोना लेने के लिए गया। लेकिन धनपाल ने सोना देने से मना कर दिया। उसकी ओर से गिरवी रखा गया सोना हड़प लिया और उसे भगा दिया। इस मामले में अब पुलिस ने केस दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
