सीकर : ढाई माह के मासूम को छत से नीचे फेंका, मौत : पत्नी ने शराब के लिए पैसे देने से किया था मना, बच्चे को उठाकर छत पर ले गया आरोपी
शराब पीने के लिए पत्नी ने पैसे नहीं दिए तो पति ने अपने ढाई माह के बेटे को छत से नीचे फेंक दिया। जिसमें मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना गुरुवार देर शाम की है। पत्नी ने अब अपने पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है।
पुलिस को दी रिपोर्ट में महिला सपना ने बताया कि वह जाट बाजार के पास मोहल्ला दराब में रहती है। महिला का पति शाहरुख (30) नशेड़ी है और रोजाना शराब पीने का आदी है। गुरुवार शाम को शाहरुख शराब के नशे में घर आया और सपना से पैसे मांगने लगा। सपना किचन में खाना बना रही थी और सपना ने शाहरुख को शराब के पैसे देने से मना कर दिया। जिसके बाद शाहरुख, सपना के पास से ढाई माह के बेटे को उठा कर छत पर ले गया।
शाहरुख अपने बेटे के साथ काफी देर तक छत पर खेलता रहा। जिसके बाद शाहरुख ने अपने बेटे को गुस्से में छत से नीचे फेंक दिया। जिसमें मासूम के मौके पर ही मौत हो गई। आस-पास के लोगों ने शाहरुख को छत से नीचे बच्चे को फेंकता देख कर भाग कर आ गए।जिसके बाद शाहरुख पर मौके से भाग गया। गुरुवार शाम को सपना ने पुलिस थाने में पेश होकर कहा था कि बच्चा सपना के हाथों से खेलते हुए गिर गया था जिसमें बच्चे की मौत हो गई थी।
जिसके बाद पुलिस ने मर्ग दर्ज कर ली थी और आरोपी को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया था। लेकिन अब शुक्रवार शाम को महिला ने अपने पति के खिलाफ बेटे की हत्या करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
