उमरड़ा सरपंच 25000 रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार,एनओसी देने की एवज में 1 लाख रुपए रिश्वत मांगी थी
उदयपुर की एंटी करप्शन ब्यूरो की स्पेशल यूनिट ने गुरुवार को उमरडा के सरपंच हीरालाल को 25000 रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। एसीबी जिला स्पेशल यूनिट के एडिशनल एसपी उमेश ओझा ने बताया कि एक व्यक्ति अपनी एक इंडस्ट्री लगाना चाहता है इसके लिए उसने जिला उद्योग केन्द्र में आवेदन किया था। जहां उससे जमीन से संबंधित एनओसी मांगी गई। जो संबंधित पंचायत के सरपंच द्वारा दी जानी थी।
पीड़ित ने जब एनओसी प्राप्त करने के लिए सरपंच हीरालाल से संपर्क किया तो सरपंच ने एनओसी जारी करने के एवज में एक लाख रुपए की मांग की थी। जिस पर पीड़ित ने उसे 1 लाख रुपए उपलब्ध नहीं होने की बात कहकर कर मनाकर दिया। इसके बाद पीड़ित को रिश्वत के लिए परेशान किया जा रहा था। ऐसे में 25 हजार रुपए रिश्वत लेने पर सहमति बनी। पीड़ित ने इसकी शिकायत एसीबी टीम को कर दी।
एसबी की टीम ने एडिशनल एसपी उमेशा ओझा के निर्देशन में सत्यापन किया। सरपंच ने पीड़ित से सवीना स्थित पंचायत समिति गिर्वा ऑफिस के बाहर पैसे लेकर आने को कहा। जब पीड़ित 25 हजार रुपए राशि लेकर पहुंचा तो आरोपी सरपंच ने उसे अपनी कार में बैठा लिया। सरपंच ने पीड़ित से पैसे लेकर ड्राइवर सीट के पीछे कवर की जेब में डाल दिए।
इसके तुरंत बाद एसीबी की टीम ने सरपंच को रंगे हाथों ट्रैप कर लिया। एसीबी ने सरपंच को गिरफ्तार कर लिया। एसीबी एडिशनल एसपी उमेश ओझा ने बताया कि मामले में सरपंच के सम्पत्ति और अन्य प्रॉपर्टी के बारे में भी जांच की जा रही है।
