उदयपुर : हाइवे पर प्याज से भरा ट्रक पलटा, लगा जाम,ओवरटेक करते समय डिवाइडर से टकराने पर हुआ हादसा, चालक ने कूदकर बचाई जान
उदयपुर-चित्तौड़गढ़ हाईवे पर डबोक से पहले देबारी घाटा वाला माताजी के पास रविवार को प्याज से भरा एक ट्रक पलट गया। हादसा ओवरटेक के प्रयास में ट्रक डिवाइडर पर चढ़ गया। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। ट्रक चालक ने कूदकर अपनी जान बचाई।
पुलिस के अनुसार आज सुबह गुजरात की तरफ से प्याज से भरा ट्रक चित्तौड़गढ़ की ओर जा रहा था। घाटा वाला माताजी के समीप आगे जा रही बस को ओवरटेक के प्रयास में ट्रक डिवाइडर पर चढ़कर पलट गया।
जब यह हादसा हुआ उस समय गनीमत रही की वहां से और कोई वाहन नहीं गुजर रहा था और न कोई राहगीर अन्यथा बड़ा हादसा भी हो सकता था।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के समय ट्रक चालक कूद गया। सूचना मिलने पर प्रतापनगर पुलिस मौके पर पहुंची।
हाईवे पर ट्रक के पटलने से डबोक जाने वाली लाइन पर जाम लग गया था। बाद में चेतक इंचार्ज अमर सिंह ने पहुंच कर वहां से जाम खुलवाया। ट्रक के मुख्य सड़क पर पलटने से तीन में से एक लाइन ही शुरू रही जिससे लंबा जाम लग गया था।
