उदयपुर : स्कूली ऑटो ने बाइक सवार को मारी टक्कर,बाइक सवार युवक हुए घायल, एक जगह स्कूली ऑटो तो दूसरी जगह स्कूली बस से हादसा
उदयपुर में गुरुवार को स्कूली ऑटो और स्कूली बस से दो अलग अलग हादसे हुए। पहला हादसा हिरण मगरी थाना क्षेत्र में हुआ। जिसमें एक स्कूली बच्चों से सवार ऑटो ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। इनमें एक युवक के पैर में गंभीर चोट लगी है। घटना के तुरंत बाद ऑटो चालक मौके से फरार हो गया। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। जिसके बाद घायल युवकों को हॉस्पिटल पहुंचाया गया। वहीं दूसरा हादसा बोहरा गणेशजी इलाके में हुआ। जहां एक स्कूली बस ट्रांसफॉर्मर से टकरा गई। हालांकि यहां बड़ा हादसा होने टल गया।
जानकारी के अनुसार सेक्टर-3 स्थित अशोक विहार कॉलोनी में चौराहे पर तेज गति से आ रहे एमके जैन के स्कूली बच्चों से सवार ऑटो ने दो बाइक सवार युवकों को सामने से टक्कर मार दी। जिसमें एक के पैरों में गंभीर चोटें आई है। हादसे के बाद युवक की मां भी मौके पर पहुंची और बेसुध हुए बेटे को गोद मे लेकर रोने लगी। मौके पर धीरे-धीरे लोगों की भीड़ जमा हो गई।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि स्पीड ब्रेकर नहीं होने से आए दिन इस एक्सीडेंट हो रहे हैं। शिव मंदिर के पीछे यह रिहायशी कॉलोनी है और चारों तरफ से तेज गलती से वाहन आते-जाते हैं। इस चौराहे पर पहले भी कई बार स्पीड ब्रेकर की मांग की जा चुकी है लेकिन जिम्मेदारों की अनदेखी से रोजाना हादसे होते है।
ट्रांसफार्मर से टकराई स्कूली बस, बड़ा हादसा होने से टला
बच्चों से भरी निजी स्कूली बस गुरुवार दोपहर बोहरा गणेशजी इलाके में ट्रांसफॉर्मर से टकरा गई। बताया जा रहा है कि हैंड ब्रेक खराब होने के कारण वह आगे बढ़ गई और ट्रांसफार्मर से जा टकराई। गनीमत रही कि बड़ा हादसा होने से टल गया।
घटना दोपहर 2 बजे की है जब सुखेर स्थित विट्टी इंटरनेशनल स्कूल की बस बच्चों को घर छोड़ने जा रही थी। उस समय घटना स्थल बोहरा गणेशजी क्षेत्र में नगर निगम कर्मचारी-अधिकारी अतिक्रमण हटाने का काम कर रहे थे। वहां उतरने वाले बच्चों को पैदल घर तक छोड़ने के लिए चालक नारायण हैंड ब्रेक लगाकर उतरा। ऐसे में कुछ ही देर में बस आगे बढ़ने लगी और ट्रांसफार्मर के होने से जा टकराई। नजर पड़ने निगम कर्मचारी बस को रोकने के लिए दौड़े लेकिन तब तक बस ट्रांसफॉर्मर से टकरा गई।
