सचिन पायलट बोले : अब तक 20 करोड़ को रोजगार मिल जाता,उदयपुर एयरपोर्ट पर भाजपा को निशाने पर लिया, बोले वायदे को पूरा नहीं कर पाई BJP
छत्तीसगढ़ के कांग्रेस प्रभारी और टोंक विधायक सचिन पायलट ने भाजपा को निशाने पर लेते हुए कहा कि पार्टी अपने वायदे को पूरा नहीं कर पाई है। वे बोले कि भाजपा के केन्द्र के दस साल के शासन में अब तक 20 करोड़ को रोजगार मिल जाना चाहिए था लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
पायलट कल शाम बाद उदयपुर के डबोक स्थित महाराणा प्रताप एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने वादा किया था कि देश में दो करोड़ को रोजगार प्रतिवर्ष देंगे आज दस साल हो गए तो बीस करोड़ को रोजगार देश में मिलना चाहिए था लेकिन भाजपा वायदा पूरा नहीं कर पाई।
पायलट ने कहा कि राजस्थान की सरकार ने सबसे पहले युवाओं से रोजगार छीन लिया है। सरकार ने राजीव गांधी युवा मित्रों के पांच हजार युवाओं की नौकरी छीन ली है और वह भी इसलिए कि उसका नाम राजीव गांधी से जुड़ा हुआ था। सरकार को योजना का नाम राजीव गांधी की जगह कुछ और रख देना चाहिए था लेकिन रोजगार क्यों छीन लिया।
विधानसभा में राज्यसभा के अभिभाषण को लेकर पायलट बोले कि विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण में भाजपा सरकार की क्या प्राथमिकता होगी, उनका विजन क्या है, योजनाएं क्या है। इस पर राज्यपाल का अभिभाषण होना चाहिए था, लेकिन इसकी जगह कांग्रेस को कोसा गया।
एक सवाल के जवाब में पायलट बोले कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी का परफॉर्मेंस अच्छा रहेगा। राहुल गांधी की यात्रा के सवाल पर बोले कि मणिपुर में महीने तक आग लगी रही और लोगों को बहुत कुछ खोना पड़ा लेकिन वहां कोई नहीं गया। राहुल गांधी गए है और उन्होंने यात्रा शुरू की है।
