लड़की दोस्ती नहीं करतीं तो एडिट कर उनके अश्लील फोटो बना लेता : महिलाओं को रिलेशन बनाने के लिए किया ब्लैकमेल, मोबाइल में मिले 300 से ज्यादा फोटो-वीडियो

एक सिरफिरे क्रिमिनल को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी एक साल में 25 से ज्यादा महिलाओं-लड़कियों को ऑनलाइन हैरेसमेंट का शिकार बना चुका है। उसके मोबाइल से 300 से ज्यादा लड़कियों के अश्लील फोटो और वीडियो मिले हैं।

होटल में काम करने वाला यह आरोपी सुंदर लड़कियों पर बात करने और शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाता। मना करने पर सोशल मीडिया अकाउंट से लड़कियों की फोटो निकालकर एडिट करता। हर लड़की की फोटो पर प्राइस टैग लगा देता। इन फोटो के जरिए वह लड़कियों को ब्लैकमेल करता।

पुलिस को चकमा देने के लिए आरोपी होटलों में काम करता था। अजमेर में मामला दर्ज होने पर आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ गया। उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया है। उसके कब्जे से एक मोबाइल और 5 अलग-अलग कंपनियों की सिम बरामद की गई है।

सवाई माधोपुर, कोटा और जयपुर में होटल में किया काम

अजमेर की क्रिश्चियन गंज थाना पुलिस ने रविवार को आरोपी उदय सिंह मीणा (28) पुत्र प्रेमराज मीणा को जयपुर से गिरफ्तार किया था। वह सवाई माधोपुर का रहने वाला है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह करीब 8-10 साल से होटल में काम करता है। पहले सवाई माधोपुर और उसके बाद कोटा में रेलवे स्टेशन के पास बने एक होटल में काम किया था। दिसंबर, 2023 में अपने परिचित के पास जयपुर में काम करने आया था।

सुंदर लड़कियों के फोटो एडिट कर डराता था

आरोपी ने बताया कि करीब एक महीने से जयपुर में फार्महाउस में बने एक होटल में काम कर रहा था। होटल में साफ-सफाई का काम करता था। होटल में सुंदर लड़कियां आती थीं। उनके साथ लड़के भी आते थे। वे लोग कमरा लेकर रुकते थे, जिसके कारण मेरा भी मन लड़कियों से दोस्ती करने का करता था। फेसबुक के जरिए धीरे-धीरे लड़कियों से चैट करने लगा था। जो लड़की चैट नहीं करती थी। उसकी फेसबुक से फोटो लेकर एडिट करता था। लड़की की फोटो के साथ अश्लील फोटो लगाकर उसे भेजकर डराता था। ऐसा कई लड़कियों के साथ किया है।

कॉल करके देता था गालियां

  • मार्च 2023 में भी एक महिला को कॉल किया था। उसने फोन उठाया था। उसके बाद कई बार कॉल किया, लेकिन महिला ने फोन नहीं उठाया था। इसके बाद बार-बार कॉल किया। कॉल उठाने पर गाली-गलौज कर महिला को अश्लील शब्द बोले थे। इसके बाद महिला ने फोन नंबर को ब्लॉक कर दिया।
  • नवंबर 2023 को टेलीग्राम अकाउंट पर एक लड़की के नंबर पर मैसेज और कॉल किया था। लड़की ने कोई रिप्लाई नहीं दिया था। उसके बाद कई कॉल और मैसेज किए थे, लेकिन लड़की ने रिस्पाॅन्स नहीं किया था।
  • नवंबर 2023 को वॉट्सऐप नंबर से एक महिला को कॉल और मैसेज किया था। महिला के फोन उठाने पर गाली-गलौज की। उसने नाम पूछा तो मैंने अपना नाम प्रिंस मीणा बताया था। बाद में महिला ने फोन उठाना बंद कर दिया। उसे वॉट्सऐप मैसेज पर गालियां लिखकर भेजीं और अश्लील फोटो भेज दिए।
  • इसके बाद महिला के फेसबुक आईडी पर मैसेज लिखा- मैं सेक्स गर्ल अजमेर और कीमत के साथ महिला के मोबाइल नंबर लिख दिया। महिला की फोटो के साथ तीन अलग-अलग अश्लील फोटो लगाकर उसके स्क्रीनशॉट लेकर महिला को वॉट्सऐप पर भेज दिया था। उसे फोन पर बातचीत करने और सेक्स करने के लिए धमकाया था। इसके बाद महिला ने मुझे ब्लॉक कर दिया।

बातचीत और शारीरिक संबंध बनाने के लिए महिला को धमकाया

आरोपी ने बताया कि अक्सर टेलीग्राम और फेसबुक पर लड़कियों की फोटो व मोबाइल नंबर लेकर उनकी तस्वीर के साथ अश्लील न्यूड फोटो लगाकर वायरल करने की धमकी देता था। उनके नंबरों पर भेजकर बातचीत करने और सेक्स करने के लिए डराता था।

अलग-अलग कंपनियों की सिम लेता था उपयोग

आरोपी 2 से 3 महीने में सिम चेंज कर लेता था। उसके पास अलग-अलग कंपनियों के अलग-अलग नंबरों की सिम थी। आईपी एड्रेस ट्रेस न हो, इस कारण सिम को काम में लेकर फेंक देता था। पुलिस को लोकेशन का भी पता नहीं चलता था।

एक साल में 25 से ज्यादा महिलाओं-लड़कियों को बनाया शिकार

जांच में सामने आया कि आरोपी उदय करीब एक साल से ऐसा कर रहा था। इस दौरान 25 से ज्यादा महिलाओं और लड़कियों को शिकार बना चुका है। आरोपी के मोबाइल से पुलिस को 300 से ज्यादा अश्लील फोटो और वीडियो मिले हैं। कई महिलाओं और युवतियों ने बदनामी के डर से पुलिस में भी शिकायत दर्ज नहीं करवाई है। आरोपी का मोबाइल जब्त किया गया है। हालांकि पुलिस आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है। वारदात करने के लिए अलग-अलग मोबाइल नंबरों का उपयोग किया। बाद में आईपी एड्रेस ट्रेस न हो, इसलिए कई सिम नष्ट कर दी। इसके साथ ही पुलिस को लोकेशन का पता नहीं चले, इस कारण वह वारदात करने के बाद कोटा, जयपुर और सवाई माधोपुर के होटल में जाकर काम करने लग गया।

आईपी एड्रेस ट्रेस कर पकड़ा

क्रिश्चियन गंज थाना पुलिस ने महिला की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया था। आरोपी की गिरफ्तारी में थाने के कॉन्स्टेबल करतार सिंह की अहम भूमिका रही। कॉन्स्टेबल करतार सिंह की ओर से आरोपी की फेसबुक और इंस्टाग्राम आईडी के आईपी एड्रेस को ट्रेस किया गया। इसके साथ ही आरोपी की ओर से किए गए मैसेज की जांच की। इसके बाद आरोपी के जयपुर में होने की लोकेशन मिली। पुलिस टीम अजमेर से जयपुर के लिए रवाना हुई और आरोपी को एक होटल से पकड़ लिया गया।

महिला के साथ उसकी भतीजी को भी किया मैसेज

पीड़िता की बहन ने 11 नवंबर 2023 को क्रिश्चियन गंज थाने में शिकायत देकर बताया था कि उसकी बहन के वॉट्सऐप पर अज्ञात नंबर से कॉल आया था, जिसे उसकी बहन ने अनदेखा किया। अज्ञात व्यक्ति ने बार-बार कॉल किया। बाद में फेसबुक पर भी उसकी बहन की फोटो अश्लील तस्वीर के साथ एडिट करके मोबाइल नंबर के साथ अपलोड कर दी। सार्वजनिक रूप से गलत काम करने के लिए गलत मैसेज किया। वॉट्सऐप पर गलत मैसेज, फोटो और गालियां देते हुए मैसेज डाले गए। पीड़िता ने बताया कि पहले उसकी माताजी के पूर्व नंबर पर इसी नाम से उसकी भतीजी को अश्लील व गलत मैसेज किया गया था। लंबे समय से आरोपी की ओर से प्रताड़ित किया जा रहा था। क्रिश्चियन गंज थाना पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर आईटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर टीम का गठन किया और कार्रवाई के निर्देश दिए।

आरोपी के भाई ने पिता को जान से मारा था

आरोपी के माता-पिता का करीब 20 से 25 साल पहले देहांत हो गया था। आरोपी दो भाई हैं। बड़े भाई का नाम मुकेश है। दो बहनों की शादी हो चुकी है। आरोपी का लालन-पालन उसके बहन और जीजा ने किया है। आरोपी के भाई मुकेश ने परिवार की जमीन को हड़पने के लिए अपने दोस्तों के साथ मिलकर पिता को कुल्हाड़ी से काटकर मार दिया था। भाई को देखे करीब 20 साल हो गए हैं।

0
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!