रेपकांड में फंसा बाड़मेर से कांग्रेस पूर्व विधायक पार्टी से निलंबित:पॉक्सो सहित 18 धाराओं में केस दर्ज, वीडियो सामने आने के बाद कार्रवाई
रेपकांड में फंसा कांग्रेस का पूर्व विधायक मेवाराम जैन पार्टी ने निलंबित कर दिया गया है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने इसका आदेश जारी किया। इसमें उन्होंने लिखा- मेवाराम के अनैतिक कार्य से स्पष्ट होता है कि उन्होंने कांग्रेस के संविधान के खिलाफ आचरण किया है।
दरअसल, मेवाराम के खिलाफ एक पीड़ित महिला ने 20 दिसंबर 2023 को जोधपुर में गैंगरेप का मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने पॉक्सो सहित 18 धाराओं में मामला दर्ज किया था। पीड़िता का यह भी आरोप था कि जब मेवाराम विधायक था तो रसूख के दम पर उसने कार्रवाई नहीं होने दी। बल्कि मेवाराम ने मामला दर्ज करा कर पीड़िता को सेक्सटॉर्शन में गिरफ्तार करवा दिया। अब पिछले दो दिन से कुछ अश्लील वीडियो सोशल मीडिया के जरिए सामने आ रहे है। जो बाड़मेर के पूर्व विधायक मेवाराम के बताए जा रहे हैं। इसके बाद एक्शन लेते हुए कांग्रेस ने मेवाराम को निलंबित कर दिया है।
विधायक था इसलिए महिला को सेक्सटॉर्शन में गिरफ्तार करा दिया
पीड़िता ने मेवाराम सहित 9 लोगों के खिलाफ जोधपुर के राजीव गांधी नगर थाने में एससी-एसटी, गैंगरेप, पॉक्सो सहित 18 धाराओं में मामला दर्ज करवाया था। दरअसल, 2022 में भी इस वीडियो से जुड़े तीन स्क्रीनशॉट सामने आए थे। उसके बाद 30 अक्टूबर 2022 को बाड़मेर कोतवाली थाने में पीड़िता के खिलाफ सेक्सटॉर्शन का मामला दर्ज कराया गया था।
डीएसपी और कोतवाल भी साजिश में आरोपी
अब 20 दिसंबर को जोधपुर के राजीव गांधी नगर थाने में मेवाराम, रामस्वरुप आचार्य, कोतवाल गंगाराम खावा, दाउद खां, बाड़मेर डीएसपी आनंद सिंह राजपुरोहित, बाड़मेर के प्रधान प्रतिनिधि गिरधरसिंह सोढ़ा, नगर परिषद उप सभापति सुरतानसिंह, प्रवीण सेठिया, गोपालसिंह राजपुरोहित समेत 9 लोगों के खिलाफ 18 धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पिछली 20 नवंबर को हुई थी ईडी की एंट्री
पिछले साल 20 नवंबर को ईडी कार्यालय जयपुर ने मेवाराम के खिलाफ पीएमएलए का मामला दर्ज किया था। लगभग 5 करोड़ रुपए के लेन-देन संबंधी शिकायत थी। कोतवाली थाने के ब्लैकमेल केस में 50 लाख रुपए के लेन-देन को भी ईडी ने आधार बनाया। इसके बाद 25 नवंबर को मेवाराम को पूछताछ के लिए ईडी ने नोटिस दिया। हालांकि मेवाराम ने हाईकोर्ट में अपील की थी कि विधानसभा चुनाव लड़ने के चलते राहत दी जाए। बाद में मेवाराम को चुनाव में हार झेलनी पड़ी।
