राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर लोगों में उत्साह, निमंत्रण हेतु पूजित अक्षत, पत्रक और राम मंदिर का फोटो आज से गांवो में घर-घर होगा वितरण

भींडर को राममय बनाने के लिए विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल की ओर से की जा रही है व्यापक तैयारियां 

बासड़ा,कन्हेयालाल मेनारिया । अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर उपखंड क्षेत्र के लोगों में भी काफी उत्साह देखा जा रहा है। बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद की ओर से जिले के ग्रामीण इलाकों में कार्यक्रम की तैयारी को लेकर बैठकों का दौर चल रहा है, रविवार को भटेवर कार्यालय पर जिलामंत्री रमेश चंद्र सांगावत के नेतृत्व में बैठक हुई। बैठकों में घर-घर जाकर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के निमंत्रण देने, प्रभु श्रीराम के चित्र के साथ पीले चावल वितरण करने को लेकर चर्चा की गई। विहिप जिलामंत्री रमेशचंद्र सांगावत ने बताया कि 22 जनवरी को अयोध्या में प्रभु श्रीरामलला के मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा होने जा रही है। इसको लेकर भींडर जिले में भी विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल की ओर से व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। जिले के प्रत्येक गांव में इस दौरान धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजन होंगे। सनातन का प्रत्येक व्यक्ति इन कार्यक्रमों से जुड़े इसको लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। भींडर जिले के 563 गांवो में आज सोमवार से अयोध्या से आए पूजित अक्षत का वितरण कार्यक्रम शुरू हो रहा है, जिससे जिले के 563 ही गांवो में पूजित अक्षत, पत्रक और राम मंदिर का फोटो विहिप कार्यकर्ता घर-घर पहुँचा कर इस भव्य समारोह में शामिल होने का निमंत्रण देंगे।

रविवार को जिले के भटेवर, खेरोदा, भींडर, कानोड़, लसाड़िया, वल्लभनगर सहित दर्जनों गांवों में संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बैठक ली। बैठकों में प्राण प्रतिष्ठा के निमित्त होने वाले कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की गई। सांगावत ने बताया कि रामोत्सव पर कई स्थानों पर भजन संध्या, सुंदरकांड, रामायण पाठ, आतिशबाजी, दीपोत्सव, विद्युत सज्जा सहित विभिन्न कार्यक्रम किए जाएंगे। कोई भी सनातनी इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में आने से वचित नहीं रहे, इसको लेकर घर-घर जाकर पीले चावल देकर निमंत्रण देने की रूपरेखा तय की गई। कार्यकर्ताओं द्वारा आज सोमवार से प्रत्येक हिंदू के घर तक प्रभु श्रीराम के चित्र, पूजित अक्षत का निशुल्क वितरण किया जाएगा। भींडर जिले सहित ग्रामीण इलाकों में प्राण प्रतिष्ठा को लेकर उत्साह का माहौल है। लोगों से अपने घरों पर भगवा पताकाएं लगाने की भी अपील की जा रही है।

0
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!