उदयपुर : झाड़ोल से पहले मंत्री बने बाबूलाल खराड़ी, साइिकल से भाजपा का झंडा लेकर घूमते थे, आज भी रहते है कच्चे मकान मे

भारतीय जनता पार्टी के संगठन में दिन-रात मेहनत करने वाले उदयपुर जिले के झाड़ोल विधायक बाबूलाल खराड़ी को मंत्री बनाया गया है। झाड़ोल से आने वाले आदिवासी नेता बाबूलाल खराड़ी संगठन के लिए इतने समर्पित है कि कभी कुछ नहीं मांगा और उनको मिलता गया। बाबूलाल ने कोटड़ा क्षेत्र में भाजपा की पकड़ इस कदर मजबूत बनाई है कि वे अधिकांश बार चुनाव जीते हैं, मोदी लहर में वे चुनाव जरूर हार गए थे।

बाबूलाल सर्वश्रेष्ठ विधायक चुने गए थे

खराड़ी 15वीं राजस्थान विधानसभा की अवधि में 2022 में सर्वश्रेष्ठ विधायक चुने गए थे। खराड़ी आदिवासी बेल्ट झाड़ोल से आते हैं और वे चौथी बार विधायक चुने गए हैं। इससे पहले 12वीं, 13वीं और 15वीं विधानसभा में भी जीत कर गए थे। खराड़ी ने हायर सेकेंडरी तक पढ़ाई की है।

आज भी कच्चे मकान में रहते हैं बाबूलाल

झाड़ोल के विधायक बाबूलाल खराड़ी कोटड़ा से 3 किलोमीटर दूर नीचला फला में रहते है। उनका आज मकान कच्चा ही है। वे उसी मकान में रहते है। उनके दो बेटे और दो बेटियां है सबकी शादी हो चुकी है। बाबूलाल खुद खेती करते हैं और उनका परिवार खेती पर ही आश्रित है। उनके पास एक ट्रैक्टर है और एक स्कॉर्पियो कार है।

भाजपा का झंडा उठाकर साइकिल पर घूमते थे

कोटड़ा में भाजपा के प्रति बाबूलाल की जो संघर्ष की यात्रा है उसी का परिणाम है कि आज उनको मंत्री बनाया गया है। जिस समय कोटड़ा और झाड़ोल में भाजपा का झंडा थामने वाला कोई नहीं था तब बाबूलाल जैसे गिने चुने लोग थे। बाबूलाल ने पूरा जीवन पार्टी के लिए लगा दिया। वे साइकिल पर भाजपा के लिए गांव-गांव जाते थे और पार्टी का उस क्षेत्र में ऐसा मैदान तैयार किया कि वो इलाका भाजपा का गढ़ बन गया है। बाबूलाल पहले निजी स्कूल में लगे थे और बाद में वे आरएसएस से जुड़ गए।

जिला परिषद सदस्य लेकर प्रधान तक रहे

संघ की शिक्षा पूरी होने के बाद बाबूलाल को आरएसएस के वनवासी कल्याण परिषद में सुपरवाइज़र बना दिया गया। बाद में उनको आरएसएस के खंड कारवा यानी तहसील अध्यक्ष बनाया। खराड़ी को भाजयुमो का उस क्षेत्र का अध्यक्ष बना दिया गया। इसके बाद पार्टी ने बाबूलाल को आगे ही बढ़ाया। वे जिला परिषद सदस्य बने और बाद में कोटड़ा के प्रधान रहे। छह बार भाजपा ने बाबूलाल को टिकट दिया वे चार बार जीते। एक चुनाव में उनको कुबेर सिंह ने तो दूसरे में हीरालाल दरांगी ने हराया था ।

जानकारों के अनुसार आदिवासी अंचल कोटड़ा से पहली बार झाड़ोल विधायक बाबूलाल खराड़ी मंत्री बने हैं। सादगी से जीवन जीने वाले बाबूलाल के इस बार के चुनाव में केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने आकर सभा की थी। खराड़ी असम के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया के भी बहुत नजदीकी हैं। पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया, प्रदेश प्रभारी विजिया रहाटकर सहित कई नेता बाबूलाल खराड़ी के घर पहुंचे थे।

 

0
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!