राजस्थान में आज मंत्रिमंडल विस्तार : दिल्ली में लगी मंत्रिमंडल के फाइनल नामों पर मुहर,आज दोपहर 3.15 बजे शपथग्रहण

राजस्थान में शनिवार को मंत्रिमंडल का विस्तार होगा। इसके पहले शुक्रवार को दिल्ली पहुंचे मुख्यमंत्री ने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्‌डा से मुलाकात की। जानकारी के अनुसार सीएम ने नड्‌डा को मंत्रियों के नामों के बारे में जानकारी दी। इसके बाद सीएम मौसम खराब होने के कारण सड़क मार्ग से देर रात जयपुर पहुंचे।

मुख्यमंत्री आज सुबह जयपुर राजभवन में राज्यपाल कलराज मिश्र को मंत्रियों के नामों की लिस्ट सौंपेंगे। शुक्रवार देर शाम को ही सभी भाजपा विधायकों को जयपुर पहुंचने का मैसेज मिल चुका है। दोपहर 3:15 बजे राज्यपाल कलराज मिश्र नए मंत्रियों को शपथ दिलाएंगे

दो दिन पहले ही फाइनल हो गए थे नाम

सूत्रों के अनुसार बुधवार देर रात तक मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ और प्रदेश सह प्रभारी विजया राहटकर के बीच लंबी बैठक हुई थी। बताया जा रहा है कि इस बैठक में लगभग सभी नाम फाइनल कर लिए गए थे। इन नामों में पूर्वी राजस्थान के सबसे कद्दावर नेताओं में शामिल डॉ. किरोड़ी लाल मीणा के मंत्रिमंडल में शामिल होने की प्रबल संभावना है। वहीं, हिंदूवादी चेहरा और तिजारा से विधायक बाबा बालकनाथ भी भजनलाल मंत्रिमंडल का हिस्सा हो सकते हैं। महिला चेहरों में अनिता भदेल, दीप्ति माहेश्वरी और पहली बार विधायक बनीं नौक्षम चौधरी पर नजरें हैं।

दलित वर्ग से जितेंद्र गोठवाल और वरिष्ठ विधायक मदन दिलावर को भी मंत्री बनाया जा सकता है। राजपूत समाज से पुष्पेंद्र सिंह राणावत, सिद्धि कुमारी जैसे वरिष्ठ विधायकों के समर्थकों को उम्मीद है कि उनके नेता इस बार मंत्री जरूर बनेंगे। ब्राह्मण समाज को भी उम्मीद है कि मुख्यमंत्री के बाद समाज के एक-दो विधायक भी मंत्री बन सकते हैं। इसलिए संजय शर्मा, संदीप शर्मा, जेठानंद व्यास जैसे विधायक भी रेस में बने हुए हैं।

नए मंत्रिमंडल में सबसे ज्यादा नजरें जाट समाज को मिलने वाले प्रतिनिधित्व पर टिकी होंगी क्योंकि मुख्यमंत्री, दो उप मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष जैसे एक भी पद पर जाट चेहरे को मौका नहीं दिया गया है। ऐसे में अब लोगों की नजरें इस पर टिकी हैं कि 12 जाट विधायकों में से कितने लोगों को मंत्री बनाया जाएगा।

0
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!