देवदर्शन यात्रा को निकले, हाइवे पर बस जलकर राख : बस में सवार थे 45 यात्री, शॉर्ट सर्किट से लगी आग,गैस की टंकियां भी थी गाड़ी में
उदयपुर-नाथद्वारा हाइवे पर एक बड़ा हादसा टला। जिस बस में 45 यात्री सवार होकर यात्रा जा रहे थे वे समय रहते नीचे उतर गए और उसके बाद उनकी आंखों के सामने बस धूं-धूं कर जल गई। यात्रा के चलते बस में भोजन बनाने की सामग्री और गैस की टंकियां भी थी। प्रथम दृष्टयां आग का कारण बस में शॉट सर्किट बताया गया। आग के बाद बस चालक मौके से भाग गया। उदयपुर से दमकल मौके पर पहुंची।
उदयपुर शहर के पूला, भुवाणा और आसपास के क्षेत्र के लोग गंगासागर की यात्रा के लिए आज जाने का कार्यक्रम था। सबको अंबेरी अमरखजी मंदिर एकत्रित किया जहां से बस से रवाना होने का कार्यक्रम रखा गया। बस तय समय पर जैसे ही अमरखजी से रवाना हुई और चीरवा टनल पार करने के बाद करीब साढ़े तीन बजे एकलिंगजी से पहले ही एकाएक तेज आवाज आई और लगा कि टायर फट गया तो यात्री घबरा गए।
बस में आगे बैठे शांतिलाल कुमावत ने बताया कि उन्होंने सबसे पहले चालक को बस साइट पर लेकर रोकने को कहा। इस बीच बस रोकी तो नजर गई कि इंजन के वहां से धुंआ निकल रहा है।
कुमावत ने सबसे पहले सब यात्रियों को नीचे उतरने के लिए कहा और थोड़ी देर में पूरी बस खाली हो गई। घबराए लोग जल्दी बाहर आए। इस बीच उनके सामने ही पूरी बस में आग की लपटे उठने लगी और कुछ ही समय में पूरी बस जलकर खाक हो गई।
इधर, उदयपुर फायर स्टेशन पर 3.50 बजे आग की सूचना मिली तो दो गाड़ियां दमकल की वहां के लिए रवाना की। फायर स्टेशन के अधिकारियों ने बताया कि मौके पर साढ़े चार बजे गाड़ियां पहुंच गई और आग बुझाई। फायर की टीम ने स्टेशन दी रिपोर्ट में बताया कि बस की सीट के नीचे तीन गैंस की टंकियां और सामान भी था जो सब जल गया। बाद में सभी यात्री उदयपुर अपने घर चले गए।
इस बीच सुखेर थाने से भी टीम मौके पर पहुंच गई और मौके पर आग देखने के लिए रुके लोगों की गाड़ियों को आगे बढ़ाकर यातायात व्यवस्थित किया। पुलिस ने पूछताछ की तो लोगों ने बताया कि चालक भाग गया। वैसे इस संबंध में सुखेर थाने में किसी ने रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है।
बस चालक की सबसे बड़ी लापरवाही
यात्रियों ने बताया कि बस चालक की बड़ी लापरवाही रही। सुखेर में महालक्ष्मी ट्रेवेल्स और महालक्ष्मी मोटर्स बॉडी से यात्रा की बस की बुर्किंग कराई। बस संचालक ने एमपी नंबर की बस आज भेजी। यात्रियों ने बताया कि बस अम्बेरी आई तब से उसमें परेशानी हो रही थी। इस बीच बस संचालक को फोन कर भी बताया कि कैसी बस भेजी है, अभी ही इतनी समस्या आ रही है। यात्रियों ने बताया कि गाड़ी में दिक्कत हो रही थी तो ऐसी बस नहीं भेजनी थी।
एक लाख का राशन जल गया
लोगों ने बताया कि यात्री सब सुरक्षित बच गए यह बड़ी बात है। बस में यात्रा को लेकर पूरी राशन सामग्री भी थी जो जलकर राख हो गई। इसके अलावा कई यात्री घबरा गए तो बिना सामान लिए ही उतर गए जिनका सामान भी जल गया।
