उदयपुर में फैक्ट्री में आग लगने से जिंदा जला युवक, 2 झुलसे : ब्रेड बनाने वाली फूड फैक्ट्री में शॉर्ट सर्किट के बाद गैस की पाइप से फैली आग
फैक्ट्री में आग लगने से जिंदा जला युवक, 2 झुलसे:ब्रेड बनाने वाली फूड फैक्ट्री में शॉर्ट सर्किट के बाद गैस की पाइप से फैली आग
उदयपुर12 घंटे पहले
शहर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में स्थित सुमन फूड फैक्ट्री में सोमवार को अचानक आग लगने से एक युवक जिंदा जल गया। – Dainik Bhaskar
शहर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में स्थित सुमन फूड फैक्ट्री में सोमवार को अचानक आग लगने से एक युवक जिंदा जल गया।
शहर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में एक फैक्ट्री में आग लगने से एक युवक जिंदा जल गया। दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए,जिन्हें एमबी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। हादसा माधुरी इंटरनेशनल एरिया गली नम्बर-सी9 कबाड़ मार्केट स्थित सुमन फूड फैक्ट्री में सोमवार सुबह करीब 9 बजे हुआ। आग इतनी भयानक थी कि महज 5 मिनट में युवक का पूरा शरीर जलकर राख हो गया। फैक्ट्री में ब्रेड व टोस बनाने का काम होता है। रोज की तरह सोमवार सुबह मजदूरों ने यहां काम शुरू किया। तब तक अचानक शॉर्ट सर्किट होने से फैक्ट्री में आग लग गई। जिसमें यूपी के उन्नाव जिले के पारा गांव निवासी मोहन (32) पुत्र राम गुलाम पासवान जलने से मौके पर ही मौत हो गई। राजेश पाल निवासी बलमपुर छतरपुर एमपी और राम रतन पुत्र राधेश्याम झुलस गए। बाकी मजदूरों ने भागकर अपनी जान बचाई।
भागने तक का नहीं मिला मौका
प्रतापनगर थाने के एएसआई पर्वतसिंह ने बताया कि विशाल गलवानी की माधुरी इंटरनेशनल एरिया में ब्रेड व टोस बनाने की फैक्ट्री है। जिसमें 10 मजदूर काम करते हैं। सोमवार सुबह 9 बजे पांच मजदूर पहुंचे थे। तीन अंदर चले गए जबकि दो मजदूर बाहर काम करने लगे। अंदर स्विच बोर्ड के पास गैस की पाइपलाइन गुजर रही थी। जिसमें रिसाव हो रहा था। बोर्ड में शॉर्ट सर्किट होते ही लीकेज पाइपलाइन में आग पकड़ ली और पूरी फैक्ट्री आग से घिर गई। मोहन पाइप के पास ही काम कर रहा था, जिसके चलते उसे भागने का मौका नहीं मिला और वह जिंदा जल गया। जबकि दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए। पाइप से जुड़ा गैस का सिलेंडर बाहर रखा था जिसे मजदूरों ने तत्काल बंद कर दिया। सूचना पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फैक्ट्री में गैस सिलेंडर भी रखे थे,जिनमें आग लगने से और भी बड़ी जनहानि हो सकती थी। पुलिस के अनुसार मृतक के परिजन को सूचना दी गई है। शव को एमबी हॉस्पिटल मोर्चरी में रखवाया गया है। आग लगने के बाद फिलहाल फैक्ट्री में काम बंद करवा दिया गया है।
ज्यादातर फैक्ट्रियों में नहीं है फायर फाइटिंग सिस्टम
ब जिस फैक्ट्री में आग लगी, उसमें फायर फाइटिंग सिस्टम की व्यवस्था नहीं थी। न ही कर्मचारी व मजदूरों को इसकी कोई ट्रेनिंग दी गई। अगर फायर फाइटिंग सिस्टम होता तो जान बच सकती थी। ये हालात सिर्फ एक फैक्ट्री के नहीं, बल्कि जिलेभर ऐसे में ऐसी कई फैक्ट्री हैं जहां बिना फायर फाइटिंग सिस्टम् के संचालन हो रहा है। इस पर जिला प्रशासन और नगर निगम न तो कभी जांच करता है न ही कोई कार्रवाई करता है।
