चारों पुलिसकर्मियों ने सोना ही नहीं, 3.50 लाख रु. भी लूटे थे, 2 साल पहले भर्ती, तभी से लूटपाट
कस्टम ऑफिसर बनकर 15 लाख रुपए कीमत का 250 ग्राम सोना लूटने वाले पुलिस के चार जवानों का मामला पुलिस ने भले ही 5 दिन तक दबाए रखा। लेकिन भास्कर में एक दिन पहले इसका खुलासा होने के बाद चारों पुलिस जवानों को बुधवार को निलंबित कर दिया।जिस कार के जरिये डूंगरपुर के बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र में वारदात की गई, उसे भी जब्त करलिया गया है। इसके मालिक व ड्राइवर को भी पकड़ा है।
हालांकि, चौंकाने वाली बात यह है कि ये जवान 2021 में भर्ती हुए और सविना थाने में प्रोवेशनल पर थे, तभी से अलग-अलग तरीकों से लूटखसोट करने लगे थे। एक के खिलाफ तो जांच भी चल रही है। इसके अलावा यह भी सामने आया है कि चारों ने कुवैत से लौटे तीन लोगों से केवल सोना ही नहीं लूटा था, वे 3.50 लाख रुपए भी ले गए थे। इस बीच, मामले के पुलिस तक पहुंचने के डर से चारों ने एक लाख रुपए और सोना लौटा भी दिया। सोना भी 250 ग्राम की जगह 1 किलो 250 ग्राम होना सामने आ रहा है। हालांकि, पीड़ितों ने ही इसे 250 ग्राम बताया है। आरोपियों के नाम भास्कर ने एक दिन पहले ही बता दिए थे। चारों जवान अजयपाल सिंह, हर्षराज सिंह, गिरिराज सिंह एवं संजय प्रताप सिंह हैं। उदयपुर एसपी भारत भूषण के अनुसार निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय पुलिस लाइन ही रखा गया है, जहां वे पहले से तैनात हैं। हालांकि, चारों वारदात के बाद से ही फरार हैं। उनको पकड़ने के लिए टीमें दबिश भी दे रही हैं। बता दें कि भास्कर ने 25 अक्टूबर को चार पुलिसकर्मियों ने ‘कस्टम ऑफिसर बनकर लूटा 15 लाख रुपए का सोना, ड्यूटी से भी गायब’ खबर प्रकाशित कर मामले का खुलासा किया था। 20 अक्टूबर को कमलेश ने इस संबंध में बिछीवाड़ा थाने में रिपोर्ट भी दी।
पहले भी वसूली की शिकायत के बाद लाइन भेजे गए थे, जांच जारी
कुवैत से लौटे थे तीन लोग, जवानों ने कस्टम ऑफिसर बनकर छीना सोना, फिर रफूचक्कर
मामले के अनुसार बांसवाड़ा के बजवाना निवासी कमलेश पाटीदार और उन्हीं के गांव के नरेश पाटीदार तथा उदाजी का गढ़ा निवासी कल्पेश पाटीदार 19 अक्टूबर को सुबह 6:30 बजे कुवैत से अहमदाबाद एयरपोर्ट पर उतरे थे। उन्हें लेने के लिए बांसवाड़ा के नवापादर के पंकज पाटीदार अपने साथ कार ड्राइवर मनोज भगोरा को लेकर एयरपोर्ट पर पहुंचे थे। इस बीच, एयरपोर्ट पर कस्टम जांच के दौरान कल्पेश व नरेश के पास क्रमश: 276.89 ग्राम और 261.51 ग्राम सोना मिला, जबकि कमलेश के पास 250 ग्राम सोना होने के बावजूद वह पाक साफ बाहर निकल आया। जांच प्रक्रिया के बाद कस्टम ने कल्पेश व नरेश का सोना जब्त कर रात 8:30 बजे उन्हें भी छोड़ दिया। तीनों कार से बांसवाड़ा रवाना हुए। तभी बलदिया के पास रात करीब 12 बजे कुछ लोगों ने चलती कार के आगे कार लगा दी। उसमें से तीन वर्दीधारी और एक सिविल ड्रेस में जवान निकले और खुद को कस्टम ऑफिसर बताया। इसके बाद वाहन की जांच की। जूते भी खुलवाए। इस दौरान कमलेश के जूतों से तीन टुकड़ों में रखा 250 ग्राम सोना मिल गया। जवानों ने उससे सोना ले लिया और कार के पीछे थाने आने को कहा। उनकी कार पर नंबर प्लेट नहीं होने पर एनआरआई को शक हुआ और उन्हें रोकना चाहा, लेकिन वे चकमा देकर गायब हो गए।
गिरिराज सिंह
हर्षराज सिंह
संजय प्रताप सिंह
अजयपाल सिंह
