तंबाकू का सेवन जानलेवा, इसके इस्तेमाल से बचें: विश्व तंबाकू निषेध पर डॉ जाट ने लोगों को किया जागरूक
सराडी,हितेश कुमार जोगी । तंबाकू का सेवन जानलेवा है। यह शारीरिक रूप से तो शरीर को नुकसान पहुंचाता है, इसके साथ ही यह मानसिक रूप से भी लोगों को नुकसान पहुंचाता है। इसलिए लोगों को तंबाकू का सेवन कभी नहीं करना चाहिए और किसी भी तरह से इसका सेवन करने से बचना चाहिए। यह बात चिकित्सा अधिकारी प्रभारी मेजर डॉ राजेंद्र जाट ने मंगलवार को कही और लोगों को संदेश दिया कि वह तंबाकू के सेवन से बचे। विश्व तंबाकू निषेध दिवस 31 मई के मौके पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर कार्यक्रम हुए। जिसमें लोगों को तंबाकू के दुष्प्रभावों के बारे में बताया गया।
हर साल 80 लाख लोगों की जाती है जान
डॉ ने कहा कि तंबाकू का इस्तेमाल जानलेवा हो सकता है। इसका इस्तेमाल करने वाले के साथ ही इसका दुष्प्रभाव पूरे परिवार और समाज पर भी पड़ता है। उन्होंने बताया कि तम्बाकू चबाना या धूम्रपान करने से शारीरिक एवं मानसिक दोनों प्रकार से सेहत पर विपरीत प्रभाव पड़ते हैं। पूरी दुनिया में लोग तंबाकू का इस्तेमाल किसी न किसी रूप में करते हैं। जिसके दुष्प्रभाव के रूप में हर साल दुनिया भर में लगभग 80 लाख लोग तंबाकू के कारण अपनी जान गंवाते हैं। इसलिए लोगों को इसके सेवन से बचाना चाहिए और दूसरों को भी जागरुक करना चाहिए कि वह तंबाकू का इस्तेमाल बिल्कुल न करें।
रक्तवाहिनियां होने लगती हैं कमजोर
तंबाकू के सेवन और धूम्रपान से लाखों को बीमारी से पीड़ित हैं। तम्बाकू के सेवन से कई तरह की बीमारियां होने का खतरा बढ़ जाता है। शरीर की रक्त वाहिनियां धीरे-धीरे कमजोर होने लगती हैं, जो दिल की बड़ी बीमारियों का रूप ले लेती हैं। तम्बाकू के सेवन से फेंफड़ों की बीमारी होने के साथ ही मुंह व गले का कैंसर भी हो जाता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा इस वर्ष ’’हमें भोजन की आवश्यकता, तम्बाकू नहीं’’ की थीम दी गई है। उन्होंने बताया कि तम्बाकू के सेवन से रोकने एवं उससे होने वाले नुकसान के प्रति जन-जागरूकता लाने के उद्देश्य से चिकित्सालय में झमक लाल जैन, गमुनाथ जोगी, डुले सिंह, उपसरपंच तखत सिंह, एलटी हेमराज मीणा, सीएचओ ललिता सालवी, एएनएम प्रियंका मीणा आदि ग्रामवासी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
