जिला स्तरीय समारोह 22 को, सरकार की जिले में 4 साल की उपलब्धियों संबंधी पुस्तक का विमोचन भी
डूंगरपुर,परवेश जैन । राज्य सरकार के 4 साल का कार्यकाल पूरा होने पर डूंगरपुर जिले में 22 दिसबर को प्रभारी मंत्री की मौजूदगी में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन होगा। इस दौरान प्रभारी मंत्री भंवरसिंह भाटी सरकार की 4 साल की उपलब्धियों से जुड़ी प्रदर्शनी का उदघाटन भी करेंगे। इधर समारोह की तैयारियों को लेकर आज डूंगरपुर जिला कलेक्टर एल.एन. मंत्री ने जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। कलेक्ट्री सभागार में आयोजित हुई बैठक में कलेक्टर एल.एन. मंत्री ने विभाग वार अधिकारियों से चर्चा करते हुए उनके विभाग की उपलब्धियों की जानकारी प्रशासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए वही समारोह के सफल आयोजन को लेकर अधिकारियों को जिम्मेदारिया सौपी।
कलेक्टर ने कहा कि 22 दिसंबर को सिंधिया ऑडिटोरियम में प्रदर्शनी लगाई जाएगी जिसमें अधिकारी अपने-अपने विभाग की उपलब्धियों संबधी स्टॉल लगाए । इसके अलावा समारोह के दौरान हर योजना के 5 चयनित लाभार्थियों को मंच से अतिथियों द्वारा लाभान्वित किया जाएगा ऐसे में कलेक्टर ने अधिकारियों निर्देश दिए कि वे समय रहते लाभार्थियों की प्रक्रिया पूरी कर सूची अतिरिक्त जिला कलेक्टर को जमा करावे। समारोह के दौरान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से तैयार की गई सरकार की 4 साल की जिले में उपलब्धियों संबंधी पुस्तक का विमोचन भी किया जाएगा।
