साइबर ठगों का नया तरीका : उदयपुर में ट्विटर ब्लू टिक की फीस के बहाने 46 हजार की ठगी
उदयपुर । साइबर ठग नित नए बहाने से आमजन के बैंक खातों में सेंध लगा रहे हैं। ट्विटर के नए मालिक एलन मस्क ने कम्पनी का टेकओवर करने के साथ ही ब्लू टिक की फीस लगने की बात कही है। इसी को लेकर साइबर ठग ने उदयपुर के एक युवक को शिकार बना लिया। युवक के बैंक खाते से 46 हजार 874 रुपए की चपत लगा दी।
शहर के सेक्टर-14 निवासी रमेशचंद्र अग्रवाल ने बताया कि उसके पास बुधवार को कॉल आया, जिसमें ट्वीटर पर ब्लू टिक देने और इसके लिए 650 रुपए फीस चुकाने की बात कही। युवक ने रुचि दिखाई तो कॉलर ने बैंक अकाउंट संबंधी डिटेल पूछी।
युवक झांसे में आ गया और डिटेल उपलब्ध करा दी। इसके कुछ ही देर बाद उसके अकाउंट से दो ट्रांजेक्शन में 46 हजार 874 रुपए निकाल गए। अब युवक ने पुलिस के साथ ही टॉल फ्री नम्बर 1930 पर कॉल करके शिकायत की है। युवक के बताए अनुसार साइबर एक्सपर्ट भी ठगी में गई राशि रिकवर करने की कोशिश कर रहे हैं।
