माइंस ठेकेदार को हफ्ता वसूली की धमकी देने में लूट का आदतन अपराधी गिरफ्तार
उदयपुर । परसाद थाना अंतर्गत माइंस ठेकेदार को हफ्ता वसूली की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने आरोपी करण निवासी नठारा को बुधवार को चावंड से गिरफ्तार कर लिया। जिसके विरुद्ध पूर्व में लूट, नकबजनी व मारपीट के 8 प्रकरण थाना सराडा एवं 2 प्रकरण थाना परसाद में दर्ज है।
उदयपुर एसपी विकास शर्मा ने बताया कि 1 जुलाई को थाना परसाद क्षेत्र स्थित मेक्सिमिया माइनिंग एलएलजी के माइंस ठेकेदार मुकेश चेलावत ने थाना परसाद पर एक रिपोर्ट दी। जिसमें बताया कि 14 जुलाई को उसे करण निवासी नठारा ने कॉल किया और मिलने के लिए कहा। 18 जुलाई को करण उसकी माइंस पर आया और बोला यहां माइन्स चलानी है तो हफ्ता देना पड़ेगा। रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। एसपी शर्मा ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकेश सांखला व सीओ राजेंद्र सिंह जैन के सुपरविजन एवं थाना अधिकारी रमेशचंद्र के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा बुधवार को आरोपी को चावण्ड से डिटेन कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी से अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है।
