ऋषभदेव थाने पूछताछ के दौरान सर्राफा व्यापारी की मौत,परिजन मुआवजा ओर सरकारी नौकरी की मांग पर अड़े,समझाइश का प्रयास जारी
ऋषभदेव पुलिस थाने में सोमवार को ज्वेलर की मौत के बाद परिजनों ओर समाजजनों ने पुलिस पर हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया । परिजनों ने पुलिस पर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। माहौल गरमाता देख पांच थानों का जाब्ता एवं कई अधिकारी मौक पर पहुंच कर समझाइश का प्रयास किया जा रहा है ।
ऋषभदेव पुलिस ज्वेलर को चोरी का माल खरीदने के आरोप में थाने लेकर आई थी। उधर, उदयपुर एसपी योगेश गोयल ने कहा कि जांच की जाएगी।
यह पूरा मामला ऋषभदेव थाना पुलिस से जुड़ा है। ऋषभदेव थाना क्षेत्र के थाणा गांव में चोरी हुई थी। सोमवार (4 अगस्त) दोपहर बाद इसी मामले में डूंगरपुर के बिछीवाड़ा निवासी सुरेश पंचाल (55) को पूछताछ के लिए ऋषभदेव थाने लाया गया था। शाम को थाने में उसकी तबीयत खराब हो गई। पुलिस ज्वेलर को ऋषभदेव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां उसकी मौत हो गई थी।
ज्वेलर की मौत की खबर मिलते ही बिछीवाड़ा से परिवार और आसपास के गांवों से समाज के लोग ऋषभदेव पहुंचे। उन्होंने ज्वेलर की मौत को लेकर पुलिस पर सवाल खड़े किए और उसे परेशान करने के आरोप लगाए। उन्होंने 4 अगस्त की रात करीब साढ़े दस बजे ऋषभदेव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और पुलिस थाने के बाहर हंगामा कर विरोध जताया।
उधर, माहौल को देखते हुए एडिशनल एसपी गोपाल स्वरूप मेवाड़, डीएसपी राजीव राहर, तहसीलदार वीरेंद्र सिंह राठौड़, कल्याणपुर, खेरवाड़ा, पहाड़ा थाने की फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और समझाइश का प्रयास किया । मामला शांत करवाकर शव को मोर्चरी में शिफ्ट करवाया ।
मामले में मंगलवार सुबह से ग्रामीण एवं समाजजनो ने पुलिस थाने के बाहर एकत्रित होकर हंगामा शुरू कर दिया । मौके पर एडिशनल एसपी सिटी गोपाल स्वरूप मेवाड़, ग्रामीण एडिशनल एसपी अंजना सुखवाल, ऋषभदेव डिप्टी राजीव राहड़, गिर्वा डिप्टी सहित कई अधिकारी परिजनों से वार्ता कर समझाइश का प्रयास कर रहे है समाजजनों ने परिवार के एक सदस्य को नौकरी, मुआवजा एवं दोषी पुलिस कर्मियों पर कार्यवाही की मांग की है ।
सुरेश पंचाल (मृतक) के बेटे हिमांशु ने बताया- पहले उदयपुर शहर की गोवर्धन विलास पुलिस लेकर गई थी। उदयपुर में पिता को डराया-धमकाया था। फिर पुलिस ऋषभदेव लेकर आई थी।
ऋषभदेव सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष जयप्रकाश वाणावत ,महामंत्री राकेश मलासिया, निरंजन पंचाल ने कहा कि ज्वेलर्स व्यापारी की पूछताछ के दौरान मौत होना बहुत ही दुःख है मामले में दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्यवाही होनी चाहिए । उन्होंने आगे कहा कि पुलिस काफी समय से व्यापारियों को परेशान कर रही है। एसपी ने पहले निर्देश दिए थे कि आईपीसी की धारा 411 में व्यापारियों से पूछताछ करनी है तो पहले सर्राफा एसोसिएशन के पदाधिकारियों को बुलाएं। बातचीत के बाद आगे की कार्रवाई करें। पुलिस ऐसा नहीं कर रही है। उन्होंंने ज्वेलर की मौत को लेकर कार्रवाई की मांग की है।
