खाम की मादड़ी-घासा सड़क बदहाल: वर्षों से मरम्मत का इंतजार, ग्रामीण और विद्यार्थी परेशान

मावली,(डीपी न्यूज) । उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत रख्यावल के राजस्व गांव खाम की मादड़ी से घासा तहसील मुख्यालय को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़क पिछले 15 वर्षों से अधिक समय से बदहाली का शिकार है। वर्ष 2009-10 के आसपास निर्मित यह सड़क तब से लेकर आज तक किसी भी तरह की मरम्मत या रखरखाव के अभाव में जीर्ण-शीर्ण हो चुकी है।

जगह-जगह गहरे गड्ढे और उखड़ी हुई डामर इस मार्ग को अत्यधिक खतरनाक बना रहे हैं। यह सड़क प्रतिदिन सैकड़ों ग्रामीणों और स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों के लिए आवागमन का प्रमुख साधन है। सड़क की मौजूदा दयनीय स्थिति के कारण कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना घटित होने की प्रबल संभावना बनी हुई है।

विशेषकर बारिश के मौसम में ये गड्ढे पानी से लबालब भर जाते हैं, जिससे पैदल चलने वाले विद्यार्थियों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। वहीं, दुपहिया वाहन चालकों के लिए तो यह मार्ग किसी चुनौती से कम नहीं है, जहां हर पल अनहोनी का डर बना रहता है।

गांव के ही एडवोकेट जगपाल सिंह बगावत ने बताया कि इस सड़क के दुरुस्तीकरण के लिए ग्रामीणों द्वारा कई बार संबंधित अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित किया गया है। बावजूद इसके, आज तक इस दिशा में कोई ठोस कार्य नहीं हुआ है, जिससे ग्रामीणों में गहरा रोष व्याप्त है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि इस महत्वपूर्ण सड़क की अविलंब मरम्मत कराई जाए। उनकी मांग है कि जल्द से जल्द कार्य शुरू कर इस मार्ग को सुगम और सुरक्षित बनाया जाए, ताकि आमजन को प्रतिदिन की परेशानी से मुक्ति मिल सके और संभावित सड़क हादसों को टाला जा सके।

इनपुट : ओमप्रकाश सोनी 

4
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!