बाइक से रैकी, रात को सेंध – अब सलाखों के पीछे.. गिरफ्त में आए ताला-चाबी के नाम पर चोरी करने वाले 3 बदमाश
उदयपुर,(डीपी न्यूज) । देशभर में चोरी की वारदात करने वाली सिकलीगर गैंग के बदमाशों को आज उदयपुर की गोवर्धन विलास पुलिस ने अरेस्ट किया है। पकड़े गए बदमाश अभी तक राजस्थान, गुजरात, मध्यप्रदेश, दिल्ली और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में 30 से ज्यादा वारदात कर चुके है। उदयपुर एसपी योगेश गोयल के अनुसार- अतंरराज्यीय गैंग के सदस्यों का वारदात का तरीका अनूठा था। बदमाश विभिन्न शहरों में कार से जाते, फिर ताला- चाबी ठीक करने के नाम पर सघन आबादी क्षेत्र में पैदल या चोरी की बाइक से फेरी लगाते है। इस दौरान सूने मकान या फिर जिन घरों पर ताले मिलते, उसकी रैकी करते थे। इसके बाद देर रात को चेहरे पर नकाब पहनकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।
बदमाश वारदात के दौरान अपना मोबाइल बंद रखते और टोल से दूर जाकर आवाजाही करते थे। इससे हाईवे या प्रमुख मार्गों पर लगे कैमरे में कैद नहीं होते थे। एक साथ ही कई मकानों को निशाना बनाते है, फिर समय लेकर दूसरी वारदात करते थे। हालांकि इस बार पुलिस ने पुख्ता सूचनाएं इकट्ठा की और कड़ी दर कड़ी जोड़ते हुए बदमाशों को पकड़ा।
गिर्वा डीएसपी सूर्यवीर सिंह राठौड़ ने बताया- 5 मार्च 2025 को गोवर्धनविलास थाने पर आरएचबी कॉलोनी सेक्टर 14 निवासी सुशील कुमार भटनागर पुत्र वीरेंद्र प्रतापसिंह सिंह ने एक रिपोर्ट दी। जिसमें बताया कि 4 मार्च 2025 को उसके सूने मकान में बदमाशों द्वारा चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य सामग्री चोरी कर ले गए है।
इसके बाद गोवर्धनविलास थानाधिकारी दिलीप सिंह झाला के नेतृत्व में चोरी- नकबजनी की वारदातों का खुलासा करने के लिए विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने आने- जाने के रूट को चिह्नित कर 200 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे चैक किए और रूट में आने वाले मोबाइल टॉवर के डंप डेटा संकलित कर विश्लेषण किया।
संदिग्ध लगने पर 3 जनों को डिटेन किया गया। पूरी जांच के बाद आज (शनिवार) डूंगरपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के बासंडवाडा निवासी रोबिन सिंह (23) पुत्र खजान सिंह, गुजरात के गांधीनगर स्थित देहगाह और हाल सिरोही जिले के मंडार थाना के ठाकुरवास निवासी शेट्टी सिंह(32) पुत्र माया सिंह और गुजरात के पालनपुर के वडगाम के शिवनगर बरवाडिया निवासी लाखन सिंह(32) पुत्र जीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। इनमें शेट्टी सिंह के खिलाफ नकबजनी का एक प्रकरण, लाखन सिंह पर चोरी-नकबजनी के कुल 5 प्रकरण दर्ज है। पुलिस ने इनसे एक कार भी जब्त की।
आरोपियों ने 5 से ज्यादा राज्यों में 30 से अधिक वारदातें की थी। इनमें दो वारदात डूंगरपुर शहर, एक वारदात उदयपुर के थाना गोवर्धनविलास और एक वारदात थाना ऋषभदेव सर्कल करना स्वीकार किया। जबकि अन्य राज्यों की वारदातों का आंकड़ा भी बढ़ने की संभावना है। मामले एक टीम को गुजरात भी रवाना किया गया है, जिससे गुजरात सहित देशभर में फैले गैंग के सदस्यों को पकड़ा जा सके।
