राजस्थान से 400 पाकिस्तानी नागरिकों को वापस भेजा जाएगा,अर्जुन टैंक ने किया युद्धाभ्यास
Jaipur,DP News Digital . केंद्र सरकार ने भारत में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को देश छोड़ने के आदेश दिए हैं। राजस्थान सरकार को जानकारी मिली है कि प्रदेा में करीब 400 पाक नागरिक रह रहे हैं। राज्य सरकार ने इन सभी को अटारी बॉर्डर से पाक भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। गृह मंत्रालय से मिले आदेश के बाद राजस्थान की इंटेलिजेंस विंग एक्टिव हुई थी।
जयपुर में डीजी इंटेलिजेंस संजय अग्रवाल ने बताया- केन्द्र के आदेश के बाद अलग-अलग वीजा पर राजस्थान आए पाक नागरिकों को वापस पाक भेजने के संबंध में सभी जिला एसपी को आदेश दिए हैं। इसके बाद कई पाकिस्तानी नागरिक खुद लौट गए हैं। जो बचे हैं, उन्हें भेजने की तैयारी पूरी कर ली गई है। सभी एसपी को निर्देश दिए गए हैं कि वह पाक नागरिकों को अपने जिले से पाक भिजवाने की कार्रवाई जल्द से जल्द करें।
बॉर्डर पर अलर्ट, अर्जुन टैंक ने किया युद्धाभ्यास
हमले के बाद राजस्थान में भी पाक बॉर्डर पर सेना अलर्ट पर है। शुक्रवार को जैसलमेर से सटी पाक सीमा पर स्वदेशी अर्जुन युद्ध टैंक के साथ सेना ने युद्धाभ्यास किया। दहकते रेत के धोरों पर अर्जुन टैंक ने अपनी ताकत दिखाई। बीएसएफ ने भी बॉर्डर पर जवानों की संख्या बढ़ा दी है।
इधर, पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में राजस्थान के कई शहरों में आज भी बंद है। झुंझुनूं शहर में कई संगठनों ने बंद में शामिल होने का ऐलान किया है। वहीं उदयपुर का अश्वनी कपड़ा बाजार बंद है।
Source : DB
