पूर्व राजपरिवार के सदस्य अरविंद सिंह मेवाड़ को आज दी जाएंगी अंतिम विदाई,महासतियां में होगी अंत्येष्टि

उदयपुर,डीपी न्यूज नेटवर्क . उदयपुर में मेवाड़ के पूर्व राजपरिवार के सदस्य अरविंद सिंह मेवाड़ को आज (17 मार्च) को अंतिम विदाई दी जाएगी. पार्थिव देह के अंतिम दर्शन सोमवार को सुबह 7 बजे से सिटी पैलेस में होंगे. राजशाही परंपरा के अनुसार, अंतिम यात्रा सुबह 11 बजे सिटी पैलेस स्थित उनके आवास शम्भू पैलेस से रवाना होगी. बड़ी पोल, जगदीश चौक, घंटाघर, बड़ा बाजार, देहली गेट से होकर महासतियां पहुंचेगी. महासतियां में अंतिम संस्कार किया जाएगा. इस दौरान कई पूर्व राजघरानों के सदस्य भी शामिल होंगे. दोपहर 12 से 1 बजे तक कई पर्यटन स्थल बंद रहेंगे. जबकि सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक कुछ जगह दुकानें भी स्वेच्छा से बंद रखी जाएगी. सिटी पैलेस के सभी दरवाजे अंतिम दर्शन के लिए खुले रहेंगे.

बीते दिन अरविंद सिंह मेवाड़ के पार्थिव देह को उनके निवास स्थान शम्भू निवास में रखा गया था. जहां पर उनके नजदीक रिश्तेदार और करीबी लोगों के पहुंचने का सिलसिला जारी है. सिटी पैलेस के अंदर से एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लोग सफेद कपड़ों में नजर आ रहे हैं. माहौल गमगीन है और सिटी पैलेस में सन्नाटा पसरा हुआ है.

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत व वसुंधरा राजे, भाजपा हरियाणा प्रभारी सतीश पूनिया, अरविंद सिंह मेवाड़ के भतीजे विश्वराज सिंह मेवाड़ और कई अन्य राजनेताओं ने शोक व्यक्त किया.

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के जरिए लिखा, “मेवाड़ राजघराने के सदस्य एवं महाराणा प्रताप के वंशज अरविंद सिंह मेवाड़ के निधन से मुझे अत्यंत दुख हुआ है. राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध करने में उनकी महती भूमिका रही है. उन्होंने आजीवन जनकल्याण एवं समाज कल्याण के लिए काम किया. मैं उनके परिजनों और प्रशंसकों के प्रति अपनी संवेदना प्रेषित करता हूं.”

 

 

2
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!