उदयपुर कांग्रेस का कलेक्ट्रेट पर विरोध प्रदर्शन: पुतला फूंका,नारेबाजी की; विधायकों के बहाली की मांग

उदयपुर,डीपी न्यूज नेटवर्क । राज्य विधानसभा में पूर्व पीएम इंदिरा गांधी पर सामाजिक न्याय अधिकारिता मंत्री की गई टिप्पणी और छह कांग्रेस विधायकों को सस्पेंड करने के विरोध में आज उदयपुर में कांग्रेस ने कलेक्टरी पर प्रदर्शन किया।कांग्रेसजनों ने आज कलेक्टरी के बाहर एकत्रित होकर प्रदर्शन किया और भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि मंत्री माफी मांगे।
उदयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ और देहात अध्यक्ष कचरूलाल चौधरी के नेतृत्व में भाजपा रकार के खिलाफ प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया। कार्यकर्ताओं ने कलेक्टरी कार्यालय के बाहर एकत्रित होकर सरकार के विरोध में नारेबाजी करते हुए विरोध-प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का पुतला फूंका। सभी की मांग थी कि मंत्री द्वारा इंदिरा गांधी को लेकर जो टिप्पणी की गई उस पर मंत्री माफी मांगे और कांग्रेस पार्टी के जिन 6 विधायकों का निलंबन किया गया है उसे तुरंत प्रभाव से निरस्त किया जाए।
शहर जिला अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ ने कहा कि सरकार हठधर्मिता पर उतारू है एवं लोकतांत्रिक तरीके से विरोध-प्रदर्शन करने वाले विधायकों का निलंबन करना एवं उनके मंत्री द्वारा हमारे सम्मानित नेताओं के खिलाफ ऐसी टिप्पणी करना गरिमा के खिलाफ है। मंत्री को माफी मांगनी होगी और सरकार को विधायकों का निलंबन खत्म करना होगा अन्यथा पूरे कांग्रेस पार्टी का कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेगा एवं सरकार का विरोध करेगा।
देहात जिला अध्यक्ष कचरुलाल चौधरी ने कहा कि विधायकों का तुरंत निलंबन समाप्त किया जाए और मंत्री अविनाश गहलोत को मंत्रिमंडल से हटाया जाए। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष सुरेश श्रीमाली, महामंत्री पंकज कुमार शर्मा, सचिव असरार अहमद, पूर्व विधायक त्रिलोक पूर्बिया, विवेक कटारा, देहात संगठन महामंत्री गजेंद्र कोठारी, शहर जिला महामंत्री दिनेश दवे, प्रशांत श्रीमाली, ब्लॉक अध्यक्ष अजय सिंह, सोमेश्वर मीणा, युवक कांग्रेस जिला अध्यक्ष हर्षवर्धन सिंह केलावत, मंडल अध्यक्ष ऋतुराज मिश्रा,शहर जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता शिवशंकर मेनारिया, पंकज पालीवाल, देहात प्रवक्ता संजीव राजपुरोहित, शंकर चंदेल, हिदायतुल्लाह, अमित श्रीवास्तव, राम सिंह चदाणा, कामिनी गुर्जर आदि मौजूद थे।
यह था मामला
विधानसभा में शुक्रवार को प्रश्नकाल के दौरान सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत की इंदिरा गांधी पर की गई टिप्पणी पर कांग्रेस ने वैल में आकर हंगामा किया था। अविनाश गहलोत ने सवाल के जवाब में कहा था कि 2023-24 में आपकी दादी इंदिरा गांधी के नाम पर योजना का नाम रखा था। मंत्री की इस टिप्पणी के विरोध में कांग्रेस विधायकों ने वैल में आकर भारी हंगामा किया। इस मुद्दे पर बने गतिरोध के कारण सदन की कार्यवाही चार बार स्थगित हुई। इस बीच छह कांग्रेस विधायकों को सस्पेंड कर दिया और गतिरोध बढ़ गया। इसके बाद कांग्रेस ने प्रदर्शन का ऐलान किया।