फूड पॉइजिंग : उदयपुर में सामूहिक शादी समारोह में खाना खाने के बाद 220 लोगों अस्पताल में भर्ती,1 लड़की गंभीर

उदयपुर,डीपी न्यूज नेटवर्क । उदयपुर में सामूहिक शादी समारोह में खाना खाने के बाद 220 लोग बीमार हो गए। इनमें ज्यादातर महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। खाना खाने के कुछ देर बाद ही लोगों को उल्टियां शुरू हो गईं। कुछ बेहोश हो गए। लोगों की तबीयत बिगड़ने पर अफरा-तफरी मच गई। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में बीमार हॉस्पिटल पहुंचे तो वहां भी जगह की कमी हो गई। एक नए वार्ड को खोलकर मरीजों को भर्ती किया गया। 27 मरीज अब भी भर्ती हैं। इसमें 15 साल की एक लड़की की हालत गंभीर है। डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

रविवार को उदयपुर के धानमंडी स्थित ओसवाल भवन में तैलिक साहू समाज का सामूहिक शादी समारोह था। इसमें खाना खाने के कुछ देर बाद अचानक लोगों की तबीयत खराब होने लगी। लोगों को उल्टियां होने लगीं। कुछ बेहोश हो गए तो कुछ दस्त से परेशान हो गए। इसके बाद मरीजों को एमबी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अलग से डॉक्टर्स की टीम लगाई गई और एक नया वार्ड तक खोलना पड़ा।

एमबी हॉस्पिटल में रविवार देर रात 1 बजे तक एक के बाद एक मरीज भर्ती होते रहे और आंकड़ा 220 तक पहुंच गया। इनमें 57 को वार्ड में भर्ती किया गया और बाकियों को दवाई देकर छुट्टी दे दी गई। भर्ती 57 मरीजों में 4 बच्चे हैं। 30 मरीजों को सोमवार सुबह तक डिस्चार्ज कर दिया गया था। 27 मरीजों का अभी भी इलाज जारी है।

हॉस्पिटल इमरजेंसी परिसर में रविवार को मरीजों के साथ उनके परिजन और समाज के लोगों की भारी भीड़ इकट्‌ठी हो गई। वार्ड में मरीजों के साथ उनके परिजन और परिचित भी जाने पर अड़ गए। माहौल गर्माता देख हाथीपोल थानाधिकारी योगेन्द्र व्यास टीम के साथ पहुंचे और लोगों को समझाया। विवाह समारोह में करीब 6 हजार लोगों का भोजन था। इसमें उदयपुर के अलावा आसपास के जिलों से भी लोग आए थे।

हॉस्पिटल में भर्ती हुए राम राठौड़ ने बताया- खाना खाने के कुछ देर बाद हालत बिगड़ने लगी थी। लोगों को उल्टी-दस्त होने लगी। खाना खाने के बाद मेरा भी जी घबराने लगा और चक्कर आने लगे। राब और मिठाई खाने वाले को ज्यादा परेशानी हुई।

एमबी हॉस्पिटल अधीक्षक डॉ. आरएल सुमन ने बताया कि पहले 25 से 30 लोग भर्ती हुए थे लेकिन एक घंटे में ये आंकड़ा बढ़कर 200 पार तक पहुंच गया। हालांकि स्थिति नियंत्रण में है। भर्ती 57 मरीजों में इनमें 4 बच्चे हैं। एक बच्ची की हालत गंभीर होने से उसे पीडियाट्रिक आईसीयू में भर्ती किया गया है। ठीक होने पर डिस्चार्ज किया जा रहा है। अलग से डॉक्टर्स की टीम लगाई है।

डिप्टी सीएमएचओ ओमप्रकाश रायपुरिया ने बताया- इम्युनिटी कम होने की वजह से फूड प्वाइजनिंग सबसे ज्यादा महिला और बच्चों को हुई। पूछताछ से सामने आया कि भोजन में मिठाई और राब खाने वालों को ज्यादा शिकायत हुई। सोमवार को हमारी टीम घटनास्थल जाकर भोजन का सैम्पल लेगी। इसके जांच रिपोर्ट आने के बाद इसके कारणों का पता लगेगा।

1
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!