राजस्थान विधानसभा का बजट सत्र आज से,राज्यपाल के अभिभाषण से होगी शुरुआत, पहले दिन हंगामे के आसार
जयपुर,डीपी न्यूज़ नेटवर्क । राजस्थान की 16वीं विधानसभा का तीसरा सत्र आज सुबह 11 बजे राज्यपाल हरिभाऊ बागडे (Haribhau Bagade) के अभिभाषण के साथ शुरू होगा । पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा (Govind Singh Dotasra) ने आश्वासन दिया है कि कांग्रेस का कोई भी नेता इस दौरान सदन में हंगामा नहीं करेगा । हालांकि अभिभाषण पूरा होने के बाद सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) का जन विरोधी फैसलों के लिए विरोध हो सकता है । इस वजह से राजस्थान बजट सत्र का पहला दिन हंगामेदार होने के आसार हैं । कांग्रेस के विरोध पर पलटवार करने के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा (Bhajan Lal Sharma) ने भी कैबिनेट के मंत्रियों संग बैठक करके रणनीति बना ली है ।
राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर 3, 5 और 6 फरवरी को चर्चा होगी । सरकार की ओर से इसका जवाब 7 फरवरी को दिया जाएगा । वहीं, 8 से 18 फरवरी तक सदन में अवकाश रहेगा और 19 फरवरी को उपमुख्यमंत्री व वित्त मंत्री दिया कुमारी (Diya Kumari) बजट पेश करेंगी । इससे पहले दिया कुमारी एक आंशिक बजट व दो पूर्ण बजट पेश कर चुकी हैं । ये उनका दूसरा पूर्ण बजट होगा । भजनलाल शर्मा ने इस बजट के लिए खुद हर विभाग के अधिकारियों संग बैठकर करके चर्चा की है । जनता से सुझाव मांगे गए हैं, किसानों की राय ली गई है । उसी के मुताबिक बजट की घोषणाएं भी तैयार की गई हैं । कहा जा रहा है कि इस बजट में महिलाओं, किसानों व कर्मचारियों के लिए बड़ी सौगातें दी जा सकती हैं ।
