रील बनाकर इंस्टाग्राम पर फेमस होने के लिए कोचिंग स्टूडेंट को चाकू मारा : वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया और गाना लगाया : थानेदार झुक के बात करता..डीएसपी सैल्यूट करता…।

कोटा,डीपी न्यूज नेटवर्क । इंस्टाग्राम पर फेमस होने के लिए कोटा में 3 लड़कों ने कोचिंग से लौट रहे स्टूडेंट को चाकू मारकर घायल कर दिया। लड़कों ने वारदात को अंजाम देते हुए वीडियो भी बनाया। इसे रील बनाकर अपने इंस्टा पर अपलोड भी किया है। इसमें गाना लगाया है- थानेदार झुक के बात करता..डीएसपी सैल्यूट करता…। पुलिस ने शुक्रवार रात को ही 2 नाबालिग आरोपी को डिटेन किया है और एक लड़के को गिरफ्तार किया है। तीनों बदमाश प्रवृत्ति के हैं।

उद्योग नगर थाना इंचार्ज जितेंद्र सिंह ने बताया- डीसीएम श्रीराम रेंस फैक्ट्री एरिया में वारदात हुई है। थाना इलाके की इंदिरा गांधी कॉलोनी में रहने वाला छात्र शुक्रवार दोपहर अपने घर से साइकिल पर 3 किमी दूर स्थित कोचिंग गया था। वहां टेस्ट देने के बाद वह घर लौट रहा था। शाम 4 बजे फैक्ट्री के सामने मैदान में 3 लड़कों ने उसकी साइकिल रोक ली।

पीड़ित छात्र ने बताया- डीसीएम श्रीराम रेंस फैक्ट्री के सामने पावर हाउस के मैदान में रास्ते में 3 लड़के खड़े थे। उन्होंने मुझे रोका और साइकिल से नीचे गिरा दिया। उसके साथ मारपीट करते हुए वीडियो भी बनाया। एक लड़का वीडियो बना रहा था और दो मारपीट कर रहे थे। एक लड़के के हाथ में चाकू था।

मैं उनसे छोड़ने और जाने देने की मिन्नतें करता रहा। उन्होंने मेरी बात नहीं मानी और पैरों पर चाकू से हमला कर दिया। बाएं पैर में घुटने से ऊपर कट लगा, जिस पर 4 टांके आए हैं। घुटने से नीचे भी कट लगा है। यहां 3 टांके लगाए गए हैं।

लकी नरवाल नाम की इंस्टाग्राम आईडी से मारपीट और हमला का यह वीडियो शुक्रवार शाम अपलोड किया गया। इसमें पंजाबी गाना लगाया- शूटर थानेदार झुक के बात करता, डीएसपी सैल्यूट करता। बाद में इसी आईडी से एक और पोस्ट शेयर की गई। इसमें लिखा था- फरार।

घायल स्टूडेंट ने बताया – आरोपियों ने मेरे पास जो रुपए थे वह भी लूट लिए। जैसे-तैसे उन युवकों से छूट कर मैं चौराहे तक पहुंचा। दोबारा से उन्होंने मुझे पकड़ा। मैं चिल्लाने लगा। वहां पर भीड़ होने से उन लोगों ने मुझे छोड़ दिया। इसके बाद मैं अपने घर पर पहुंचा। परिवार वालों को पूरी घटना बताई। शुक्रवार शाम थाना उद्योग नगर में इन बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई।

स्टूडेंट के पिता श्रीराम रेंस फैक्ट्री में वर्कर हैं। उन्होंने बताया- जब मुझे इस घटना की जानकारी मिली तो पहले बेटे को एमबीएस हॉस्पिटल लेकर गया। बाद में चौराहे पर गया, जहां सीसीटीवी चेक करवाए तो पता चला कि तीनों लड़के पीड़ित स्टूडेंट की ही कॉलोनी (इंदिरा गांधी नगर) के रहने वाले हैं।

इनमें दो नाबालिग और एक बालिग है। पहले भी ये लड़के लड़ाई झगड़े के केस में जेल जा चुके हैं। हमने उद्योग नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवा दी है। फेमस होने के लिए ये चाकूबाजी करके वीडियो बना रहे हैं।

0
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!