स्कूल से 8 टीचरों को हटाया : टीचरों की वापसी एवं रिक्त पदों को भरने की मांग को लेकर छात्रों के साथ ग्रामीणों ने सड़क पर लगाया जाम
डूंगरपुर,डीपी न्यूज़ नेटवर्क । चौरासी विधानसभा क्षेत्र के भंडारी सीनियर स्कूल के बच्चों के साथ ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। इससे दोनों ओर गाड़ियों की कतारें लग गई। बच्चों ने स्कूल से 8 शिक्षकों को हटाने का विरोध किया। वहीं खाली पदों को भरने की मांग की। राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल भंडारी के स्टूडेंट्स और गांव के लोग गुरुवार को गांव के मुख्य सड़क पर आकर बैठ गए। लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया और जमकर नारेबाजी के साथ विरोध जताया। इससे रोड के दोनों ओर गाड़ियों की लाइनें लग गई और आने जाने वाले वाहन सवारों को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा सूरज डामोर, प्रियंका डामोर, पिंकी डामोर और रोशनी डामोर ने बताया कि 2 साल पहले स्कूल क्रमोन्नत हुआ है, लेकिन इसके बाद से आज तक टीचर नहीं है। जो शिक्षक पढ़ा रहे थे। उनको भी हटा दिया है, जबकि 2 महीने बाद ही बोर्ड की परीक्षाएं हैं। ऐसे में उनका कोर्स और पढ़ाई कैसे पूरी होगी। वहीं हाईवे जाम होने की सूचना पर धंबोला पुलिस मौके पर पहुंची। स्कूल के स्टूडेंट्स और गांव के लोगों ने हटाए गए शिक्षकों को वापस लगाने के साथ ही खाली पदों को भरने की मांग की।
राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल भंडारी में रिक्त पद भरने की मांग करते हुए स्टूडेंट्स ने सड़क जाम कर दिया। स्कूल में नामांकन 362 हैं। कुल पद स्वीकृत 16 हैं। 8 टीचरों को हटाया गया है। जिसमें लेवल 1 के 5, लेवल 2 के 3 शिक्षक हैं। अंग्रेजी, हिंदी और संस्कृत के शिक्षक शामिल हैं।
भंडारी स्कूल के बच्चों की ओर से जाम लगाने की सूचना पर सीमलवाड़ा सीबीईओ लक्ष्मण डामोर मौके पर पहुंचे। सीबीईओ ने बच्चों से बात की और शिक्षकों को लगाने का भरोसा दिलाया। वहीं धंबोला थानाधिकारी मोहम्मद रिजवान ने बताया कि बच्चों और अभिभावकों से समझाइश के बाद करीब घंटेभर बाद जाम खुलवा दिया गया
।
