जयपुर टैंकर ब्लास्ट में जली बस उदयपुर की, परमिट नहीं हुआ था रिन्यूअल,आरटीओ ने जांच की शुरू;बस के खलासी से नहीं हो रहा सम्पर्क
उदयपुर,डीपी न्यूज़ नेटवर्क । जयपुर टैंकर ब्लास्ट में शुक्रवार सुबह 40 से ज्यादा गाड़ियां आग की चपेट में आ गई। इन गाड़ियों में उदयपुर की एक ट्रैवल बस भी थी। हादसे का पता लगते ही उदयपुर परिवहन विभाग अलर्ट हो गया और बस के मालिक के साथ बा तकर यात्रियों की लिस्ट तैयार कर उनसे सम्पर्क किया। इस बीच सामने आया कि बस का फिटनेस और टैक्स पुरा था लेकिन परमिट नहीं था। मामले की जानकारी मिलने के बाद प्रादेशिक परिवहन अधिकारी नेमीचंद पारीक ने जिला परिवहन अधिकारी अनिल सोनी के साथ मिलकर बस में सवार यात्रियों की लिस्ट तैयार कराई। इसके लिए सबसे पहले उदयापोल स्थित लेकसिटी ट्रैवल बस के संचालक अब्दुल सलमान खान से संपर्क कर उदयापोल स्थित शॉप से उस बस में सवार यात्रियों की लिस्ट निकलवाई।

इसके साथ ही उनके नाम और नंबर पर एक-एक कर सम्पर्क किया, जिसमें से 24 जनों से बातचीत हो गई जो स्वस्थ है। हालांकि कूदने से चोट आई है। बस चालक उदयपुर के खांजीपीर निवासी शाहिद घायल है। बस का खलासी चित्तौड़गढ़ निवासी कालू से सम्पर्क नहीं हो पाया है। पारीक ने बताया- कुछ यात्रियों से संपर्क नहीं हो पा रहा है। हमारी टीम और बस संचालक लगातार सम्पर्क में है।
पारीक ने बताया- मामले में प्रारंभिक जांच में सामने आया कि इस बस का टैक्स जमा है। बस का फिटनेस और बीमा भी पुरा है लेकिन बस का परमिट रिन्यूएबल नहीं कराया गया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में जो भी कार्रवाई होगी नियमानुसार करेंगे लेकिन इस वक्त सभी यात्रियों की स्थिति साफ हो जाए और उनके परिजनों से भी बात हो जाए इस पर हम लगे है।
